मुजफ्फरनगर। विश्व रेडक्रॉस दिवस के अवसर पर शुक्रवार को जनपद में विभिन्न सेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिलाधिकारी उमेश मिश्रा एवं मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील तेवतिया के निर्देशन में जिला अस्पताल स्थित रेडक्रॉस भवन में मुख्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत अंतरराष्ट्रीय रेडक्रॉस आंदोलन के संस्थापक हेनरी ड्यूनेंट के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक तथा जिला अस्पताल ब्लड बैंक प्रभारी पीके त्यागी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में 8 मई से 22 मई तक आयोजित होने वाले रक्तदान पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। अधिकारियों ने बताया कि जनपद के विभिन्न स्थानों पर रक्तदान शिविर आयोजित कर लोगों को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया जाएगा। कार्यक्रम के उपरांत आयोजित विचार गोष्ठी में रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक अरोड़ा ने संस्था की भूमिका और कार्यों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश में राष्ट्रपति, प्रदेश में राज्यपाल तथा जिला स्तर पर जिलाधिकारी रेडक्रॉस सोसाइटी के अध्यक्ष होते हैं। उन्होंने स्वास्थ्य सुरक्षा, मरीजों की देखभाल, जरूरतमंदों को रक्त उपलब्ध कराने तथा आपदा के समय राहत कार्यों में रेडक्रॉस की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया। डॉ. अरोड़ा ने कहा कि वर्तमान समय में दुनिया के अनेक हिस्सों में युद्ध जैसी परिस्थितियां बनी हुई हैं। ऐसे समय में घायल सैनिकों और प्रभावित लोगों की देखभाल कर उन्हें जीवनदान देने के कार्य में रेडक्रॉस अग्रणी पंक्ति में खड़ा दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि आज विश्व के अधिकांश देश रेडक्रॉस की उपयोगिता और मानव सेवा के कार्यों को स्वीकार कर रहे हैं। उन्होंने भीषण गर्मी और हीट वेव को लेकर भी छात्र-छात्राओं को जागरूक किया तथा लू से बचाव के उपाय बताए। इस दौरान ट्रेजरर अशोक शर्मा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए रक्तदान को सबसे बड़ा दान बताया। कार्यक्रम में सुमित्रा देवी, डॉ. एसके अग्रवाल, इंजीनियर सुभाष चंद्र, अंशुमन शर्मा, डॉ. गीतांजलि वर्मा, कार्यालय अधीक्षक शिवराज सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
By मुदगल टाइम्स ब्यूरो
Dainik Mudgal Times
Related Post
जनगणना की रफ्तार बढ़ाने के लिए डीएम का सख्त रुख, अब हर विभाग को दिखानी होगी सक्रियता स्व-गणना में लापरवाही पर प्रशासन सख्त, अधिकारियों और कर्मचारियों की शत-प्रतिशत भागीदारी के निर्देश, विभागाध्यक्षों को सौंपी जिम्मेदारी, जनपद की गिरती रैंकिंग सुधारने पर जोर मुजफ्फरनगर। जनगणना-2027 के तहत चल रहे स्व-गणना अभियान को गति देने के लिए जिला प्रशासन ने अब पूरी ताकत झोंकने की तैयारी कर ली है। जनपद में स्व-गणना की प्रगति अपेक्षा के अनुरूप बनाए रखने और अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि राष्ट्रीय महत्व के इस अभियान में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अब प्रत्येक विभाग को अपने कर्मचारियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने के साथ अभियान की प्रगति पर भी नजर रखनी होगी। जनगणना-2027 के अंतर्गत संचालित स्व-गणना अभियान की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों से अब तक किए गए प्रयासों और उपलब्धियों की जानकारी ली। उन्होंने विशेष रूप से इस बात पर जोर दिया कि सरकारी मशीनरी की सक्रियता केवल कागजों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उसका असर धरातल पर भी दिखाई देना चाहिए। समीक्षा के दौरान जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) द्वारा अपने विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की स्व-गणना सुनिश्चित कराने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की गई। जिलाधिकारी ने अन्य विभागों को भी इसी कार्यशैली को अपनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जब सरकारी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी स्वयं इस अभियान में भागीदारी करेंगे, तभी आम जनता को भी इसके प्रति जागरूक और प्रेरित किया जा सकेगा। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे पहले स्वयं अपनी स्व-गणना पूरी करें और इसके बाद अधीनस्थ कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को भी इस प्रक्रिया से जोड़ें। साथ ही विभागीय स्तर पर नियमित फीडबैक लेकर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी कर्मचारी इस महत्वपूर्ण अभियान से वंचित न रहे। समीक्षा के दौरान उन विभागों और अधिकारियों के प्रयासों पर भी जानकारी ली गई, जिनका योगदान अपेक्षाकृत कम है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जिम्मेदारी से बचने या उदासीनता दिखाने का रवैया स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रशासन का लक्ष्य मुजफ्फरनगर में स्व-गणना अभियान को अधिकतम सफलता दिलाना और जनपद की रैंकिंग में सुधार करना है। अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विभागीय अधिकारी इन निर्देशों को कितनी गंभीरता से अमल में लाते हैं और जनगणना के इस राष्ट्रीय अभियान को कितनी मजबूती से आगे बढ़ाते हैं।
Nov 21, 2026
मुदगल टाइम्स ब्यूरो
