मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने के उद्देश्य से 10 मई को एक विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित करने की घोषणा की है। सम्मेलन का आयोजन देवबंद स्थित मुस्तफा गार्डन में किया जाएगा, जहां प्रदेशभर से संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जिम्मेदार साथी बड़ी संख्या में शामिल होंगे। संगठन द्वारा जारी अधिसूचना में सभी सम्मानित साथियों से अपील की गई है कि वे शाम 5:00 बजे तक कार्यक्रम स्थल पर पहुंचकर सम्मेलन को सफल बनाएं। सम्मेलन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में इसकी तैयारियां तेज कर दी गई हैं। कार्यकर्ता सम्मेलन में किसानों और मजदूरों से जुड़े ज्वलंत मुद्दों, संगठन के विस्तार, आगामी आंदोलनों की रणनीति तथा जनहित से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों को लेकर भी महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। कार्यक्रम में भारतीय किसान मजदूर संयुक्त मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी शाह आलम मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। उनके नेतृत्व में संगठन लगातार किसानों और मजदूरों के अधिकारों की आवाज बुलंद करता आ रहा है। सम्मेलन में उनके संबोधन को लेकर कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह बना हुआ है। संगठन की ओर से सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से समय का विशेष ध्यान रखते हुए निर्धारित समय पर पहुंचने का आग्रह किया गया है, ताकि सम्मेलन को अनुशासित एवं सफल बनाया जा सके। माना जा रहा है कि यह सम्मेलन संगठन की आगामी रणनीति तय करने में अहम भूमिका निभाएगा।
