–पुलिस टीम ने 6.5 लाख का गांजा और डोडा पोस्त व तस्करी में प्रयुक्त बाइक जब्त की।
मुजफ्फरनगर। थाना कोतवाली नगर पुलिस ने ऑपरेशन सवेरा अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए पांच मादक पदार्थ तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 किलो 998 ग्राम अवैध मादक पदार्थ बरामद किया है, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 6.5 लाख रुपये बताई जा रही है। बरामद माल में 9 किलो 846 ग्राम डोडा पोस्त तथा 3 किलो 152 ग्राम गांजा शामिल है। कार्रवाई के दौरान एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल भी जब्त की गई। पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र द्वारा नशे के अवैध कारोबार और प्रतिबंधित दवाओं की तस्करी पर रोक लगाने के उद्देश्य से ऑपरेशन सवेरा नशे के अंधकार से जीवन के उजाले की ओर अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस के अनुसार फारूख पुत्र युसुफ निवासी मिमलाना रोड को न्यू गुडलक बारात घर के पास मंदिर के पीछे खाली प्लॉट से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 1 किलो 100 ग्राम गांजा बरामद हुआ। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
वहीं वंश उर्फ वद्दू पुत्र सुनील और विशाल पुत्र संजय निवासी ग्राम पिन्ना को बुढाना-शाहपुर मार्ग पर रेलवे लाइन के पास से गिरफ्तार किया गया। दोनों आरोपियों के कब्जे से 9 किलो 846 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15 में मुकदमा दर्ज किया गया। इसके अलावा असलम पुत्र नईमद्दीन निवासी खतौली को चरथावल-नियाजूपुरा रोड पर शनिदेव मंदिर के पीछे से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 1 किलो 250 ग्राम गांजा तथा तस्करी में प्रयुक्त हीरो स्प्लेंडर प्लस बाइक बरामद हुई। एक अन्य कार्रवाई में सुनील कुमार पुत्र ब्रह्म सिंह निवासी दौराला, मेरठ को सलेमपुर-लकड़संधा दधेडू हाईवे के पास से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से 802 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा, उपनिरीक्षक शशिकपूर, मिलन चौधरी, विक्रांत कुमार सहित थाना कोतवाली नगर की पुलिस टीम शामिल रही। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights