झारखंड के रांची में गैस सिलेंडर की कमी को लेकर लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घंटों लाइन में खड़े रहने के बावजूद सिलेंडर नहीं मिलने पर लोगों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया। रांची के चुटिया स्थित महादेव मंडा परिसर के बाहर शुक्रवार को गैस सिलेंडर नहीं मिलने से लोग नाराज हो गए। कई लोग गुरुवार रात से ही लाइन में लगे थे, लेकिन शुक्रवार दोपहर तक भी उन्हें सिलेंडर नहीं मिला।

पुलिस ने स्थिति को संभाला
गुस्साए लोगों ने दोपहर करीब 12 बजे से 2 बजे तक सड़क पर सिलेंडर रखकर जाम लगा दिया। इससे सड़क पर आने-जाने में काफी परेशानी हुई। लोगों ने इंद्रप्रस्थ गैस एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी भी की। इस दौरान कुछ राहगीरों और प्रदर्शन कर रहे लोगों के बीच बहस हो गई, जो कुछ जगहों पर हाथापाई तक पहुंच गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया। प्रदर्शन कर रहे लोगों का कहना है कि गैस लेने की प्रक्रिया बहुत लंबी और परेशान करने वाली है। पहले कई दिनों तक इंतजार करना पड़ता है, फिर बुकिंग के बाद नंबर के लिए लाइन में लगना पड़ता है। इसके बाद भी तुरंत सिलिंडर नहीं मिलता।

महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी दिक्कत हो रही
कई लोग पिछले 4-5 दिनों से अलग-अलग जगहों पर रातभर लाइन में लगकर गैस गाड़ी का इंतजार कर रहे हैं। इससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को काफी दिक्कत हो रही है। लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि शहर में गैस सिलेंडर की कालाबाजारी हो रही है। कुछ लोग 3000 रुपये तक में सिलिंडर बेच रहे हैं, जबकि आम लोगों को समय पर गैस नहीं मिल रही।

“अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो…”
प्रदर्शन कर रहे लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था सुधारी जाए और कालाबाजारी पर रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे आगे भी आंदोलन करेंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights