मोहाली के जीरकपुर क्षेत्र के अंतर्गत छत लाइट चौक के पास शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इस दौरान मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसके बाद बेकाबू होकर बस सड़क पर पलट गई। हादसे में करीब 20 से 22 यात्री घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार बस अपने निर्धारित रूट पर मनाली से दिल्ली की ओर जा रही थी। जैसे ही बस छत लाइट चौक के पास पहुंची तो जीरकपुर से पटियाला की तरफ जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस चालक संतुलन खो बैठा और बस सड़क के बीचों-बीच पलट गई। हादसे के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। बस के पलटते ही अंदर बैठे लोग सीटों से उछलकर नीचे गिर गए, जबकि कुछ यात्री बस के अंदर बुरी तरह फंस गए।

राहत और बचाव कार्य
बताया जा रहा है कि हादसे के दौरान एक युवक बस के नीचे आ गया, जिससे उसका हाथ बुरी तरह कुचल गया। घटना की सूचना मिलते ही सड़क सुरक्षा फोर्स और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद बस की खिड़कियों के जरिए यात्रियों को बाहर निकाला गया। सभी घायलों को तुरंत डेराबस्सी के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।

हाईवे पर लगा लंबा जाम
हादसे के कारण हाईवे पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया और करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। बाद में पुलिस ने हाइड्रा मशीन की मदद से बस को सड़क से हटवाया, जिसके बाद ट्रैफिक सुचारू हो सका। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में हादसे का मुख्य कारण बस और ट्रक की तेज रफ्तार को माना जा रहा है। पुलिस दोनों वाहन चालकों के बयान दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights