बिहार निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने सोमवार को वैशाली जिले में लालगंज की प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और उसके चालक को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार कर लिया।

ब्यूरो सूत्रों ने बताया कि वैशाली जिले के करताहा थाना क्षेत्र के करताहा जगदीशपुर गांव निवासी और परिवादी मिथिलेश कुमार ने ब्यूरो में 28 मई को शिकायत दर्ज कराई थी कि लालगंज की बीडीओ नीलम कुमारी ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत द्वितीय एवं तृतीय किस्त के भुगतान करने के लिए उनसे रिश्वत की मांग की है। ब्यूरो द्वारा परिवादी की शिकायत का सत्यापन कराया गया एवं सत्यापन के क्रम में नीलम कुमारी द्वारा रिश्वत मांगे जाने का प्रमाण पाया गया। प्रथम द्दष्टया आरोप सही पाए जाने के बाद मामला दर्ज कर ब्यूरो के पुलिस उपाधीक्षक और अनुसंधानकर्त्ता विकास कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में एक धावादल का गठन किया गया।

सूत्रों ने बताया कि धावा दल ने कार्रवाई करते हुए बीडीओ नीलम कुमारी और उसके चालक अविनाश कुमार को 20 हजार रुपए रिश्वत लेते हुए बीडीओ कार्यालय, लालगंज से रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों से पूछताछ के बाद उन्हें मुजफ्फरपुर निगरानी की विशेष अदालत में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights