बिहार में हुए मंत्रिमंडल विस्तार के बाद अब नए मंत्रियों की संपत्ति को लेकर चुनावी हलफनामों के आंकड़े सामने आए हैं. इन आंकड़ों से पता चलता है कि सम्राट चौधरी कैबिनेट में शामिल ज्यादातर मंत्री करोड़पति हैं. खास बात यह है कि कई मंत्रियों की संपत्ति खुद मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से भी ज्यादा है.
35 में से 32 मंत्री करोड़पति
चुनावी हलफनामों और उपलब्ध जानकारी के मुताबिक बिहार कैबिनेट के 35 मंत्रियों में से 32 मंत्री करोड़पति हैं. सिर्फ 3 मंत्री ऐसे हैं जिनकी कुल संपत्ति एक करोड़ रुपये से कम बताई गई है. पूरे मंत्रिमंडल की कुल संपत्ति जोड़ दी जाए तो यह आंकड़ा करीब 220 करोड़ रुपये तक पहुंचता है.
आंकड़ों के अनुसार महिला मंत्रियों की औसत संपत्ति पुरुष मंत्रियों के मुकाबले कई गुना अधिक है. कई महिला मंत्री करोड़ों की मालकिन हैं और संपत्ति के मामले में शीर्ष नेताओं में शामिल हैं.
मुख्यमंत्री से ज्यादा अमीर 10 मंत्री
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने हलफनामे में करीब 6.38 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. लेकिन कैबिनेट में 10 ऐसे मंत्री हैं जिनकी संपत्ति उनसे ज्यादा बताई जा रही है. डिप्टी सीएम विजय चौधरी के पास करीब 3.13 करोड़ रुपये और दूसरे डिप्टी सीएम विजेंद्र यादव के पास लगभग 3.46 करोड़ रुपये की संपत्ति है.
रमा निषाद सबसे अमीर मंत्री
बीजेपी कोटे से मंत्री रमा निषाद सबसे अमीर मंत्री माने जा रहे हैं. उनकी कुल संपत्ति करीब 31.85 करोड़ रुपये बताई गई है. दूसरे नंबर पर डॉ. श्वेता गुप्ता हैं, जिनके पास करीब 29.24 करोड़ रुपये की संपत्ति है. वहीं जदयू कोटे के मंत्री अशोक चौधरी करीब 22.39 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ तीसरे स्थान पर हैं.
इसके अलावा श्रेयसी सिंह के पास 7.62 करोड़, शीला मंडल के पास 9.50 करोड़, डॉ. दिलीप जायसवाल के पास 9.33 करोड़ और शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल के पास 9.25 करोड़ रुपये की संपत्ति बताई गई है.
कई मंत्रियों के पास करोड़ों की संपत्ति
विजय कुमार सिन्हा के पास 8.81 करोड़, कुमार शैलेन्द्र के पास 6.68 करोड़, भगवान सिंह कुशवाहा के पास 4.71 करोड़ और सुनील कुमार के पास 5.28 करोड़ रुपये की संपत्ति है. वहीं निशांत कुमार, श्रवण कुमार, लेसी सिंह और जमा खान भी करोड़पति मंत्रियों की सूची में शामिल हैं.
सबसे कम संपत्ति वाले मंत्री कौन
एलजेपी (आर) कोटे से मंत्री संजय कुमार को सबसे कम संपत्ति वाला मंत्री बताया जा रहा है. उनकी कुल संपत्ति करीब 23 लाख रुपये आंकी गई है. वहीं मंत्री संजय सिंह टाइगर की संपत्ति भी एक करोड़ रुपये से कम बताई गई है.
