राजधानी बेंगलुरु से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसे सुनकर लोग हैरान भी हैं और हंसी भी नहीं रोक पा रहे. एक नाबालिग लड़की के गायब होने के मामले में पूछताछ के लिए लाए गए आरोपी ने पुलिस स्टेशन में ही ऐसा कदम उठा लिया कि अफसरों के भी होश उड़ गए. बताया जा रहा है कि जैसे ही आरोपी को POCSO एक्ट के तहत कार्रवाई की चेतावनी दी गई, उसने अचानक लॉकर की चाबी ही निगल ली. इसके बाद पुलिस स्टेशन में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी को तुरंत अस्पताल ले जाना पड़ा. अब यह अजीबोगरीब मामला सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
नाबालिग लड़की के मामले में चल रही थी पूछताछ
दरअसल, मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बेंगलुरु के मदनायकनहल्ली पुलिस स्टेशन में पुलिस एक नाबालिग लड़की के गायब होने के मामले की जांच कर रही थी. लड़की के परिवार ने 24 अप्रैल को गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी. जांच के दौरान पुलिस ने टावर लोकेशन की मदद से कार्तिक उर्फ रामू नाम के युवक को ट्रैक किया और पूछताछ के लिए थाने लाया गया. इसी दौरान पुलिस ने उसे POCSO एक्ट के तहत मामला दर्ज होने की चेतावनी दी.
अचानक निगल ली लॉकर की चाबी
बताया जा रहा है कि चेतावनी सुनते ही आरोपी घबरा गया और उसने अचानक लॉकर की चाबी निगल ली. यह देखकर पुलिसकर्मियों के बीच हड़कंप मच गया. आरोपी को तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां तीन दिनों तक पुलिस सुरक्षा में उसका इलाज चला. रिपोर्ट्स के मुताबिक डॉक्टरों और पुलिस ने कोशिश की कि चाबी प्राकृतिक तरीके से शरीर से बाहर निकल जाए.
10 किलो केले खिलाकर निकाली गई चाबी
सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि आरोपी को कई दिनों तक करीब 10 किलो केले खिलाए गए ताकि चाबी शरीर से सुरक्षित तरीके से बाहर निकल सके. आखिरकार देर रात चाबी एक्सक्रिशन के जरिए बाहर निकल आई और पुलिस ने उसे बरामद कर लिया. अब यह पूरा मामला सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है और लोग इस अजीब हरकत पर तरह-तरह के मजेदार रिएक्शन दे रहे हैं.
