up-icar-secretary-visit-varana

वाराणसी, 22 नवंबर । भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (आईसीएआर), नई दिल्ली के सचिव एवं कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के कृषि अनुसंधान एवं शिक्षा विभाग के अतिरिक्त सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने रविवार को भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान (आईआईवीआर), वाराणसी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने संस्थान की विभिन्न अनुसंधान गतिविधियों, आधुनिक प्रयोगशालाओं और तकनीकी सुविधाओं का अवलोकन किया। उन्होंने वैज्ञानिकों से वैश्विक मानकों के साथ देशज आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए अनुसंधान एवं विकास कार्यों को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।

दौरे की शुरुआत में उन्होंने संस्थान परिसर में लाल चंदन का पौधा रोपित किया। इसके बाद उन्होंने कृषि प्रक्षेत्र का भ्रमण कर वहां प्रदर्शित सब्जियों की विभिन्न किस्मों, नवीन तकनीकों और कृषि निवेशों के उपयोग की जानकारी ली। और बीज विधायन संयंत्र, बीज उत्पादन क्षेत्र, जैविक खेती इकाई, जैव संसाधन उत्पादन इकाई, हाईटेक नर्सरी एवं पौध उत्पादन संयंत्र तथा संरक्षित सब्जी उत्पादन इकाई का निरीक्षण किया।

इसके अतिरिक्त उन्होंने बीएसएल-3 सुविधा केंद्र, स्पीड ब्रीडिंग एवं जीनोम एडिटिंग सुविधा केंद्र, जैव उर्वरक विकास प्रयोगशाला, तुड़ाई उपरांत फसल संवर्धन इकाई, कीटनाशी अवशेष प्रयोगशाला और टिश्यू कल्चर प्रयोगशाला का भी अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित वैज्ञानिकों से संवाद कर इन सुविधाओं में संचालित अनुसंधान एवं तकनीकी विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त की। इसके बाद वैज्ञानिकों के साथ आयोजित समीक्षा एवं संवाद बैठक का शुभारंभ वंदेमातरम् गीत और आईसीएआर के गान से हुआ। संस्थान के निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने त्रिपाठी का स्वागत करते हुए संस्थान की प्रमुख अनुसंधान गतिविधियों, उपलब्धियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संस्थान देशभर के किसानों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सब्जी उत्पादन, उन्नत किस्मों के विकास और नवीन तकनीकों के प्रसार के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर वैज्ञानिकों को संबोधित करते हुए आईसीएआर सचिव ज्ञानेंद्र देव त्रिपाठी ने कहा कि परिषद वैज्ञानिकों को प्रोत्साहित करने और अनुसंधान कार्यों को नई दिशा देने के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों से अपेक्षा है कि वे वैश्विक मानकों और देश की स्थानीय आवश्यकताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए प्रयोगशालाओं में गुणवत्तापूर्ण अनुसंधान करें, ताकि उसका सीधा लाभ देशभर के किसानों तक पहुंच सके।

उन्होंने संस्थान में एग्रीवोल्टाइक (कृषि-सौर ऊर्जा) पर किए जा रहे कार्यों को गति देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही नवाचार, अनुसंधान की गुणवत्ता और तकनीकी विकास को प्राथमिकता देने की बात कही। त्रिपाठी ने आईआईवीआर की अनुसंधान उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि संस्थान में पारंपरिक सब्जी अनुसंधान के साथ जीनोम एडिटिंग जैसी अत्याधुनिक तकनीकों पर भी काम किया जा रहा है। परंपरागत अनुसंधान और आधुनिक विज्ञान का यह समन्वय सराहनीय है। उन्होंने वैज्ञानिकों से अनुसंधान को किसानोपयोगी बनाने और उसके परिणामों को खेतों तक पहुंचाने पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. नीरज सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन प्रधान वैज्ञानिक डॉ. डीपी सिंह ने प्रस्तुत किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights