mathura-kartik-utsav-comepleet

मथुरा, 22 नवंबर। वृंदावन चंद्रोदय मंदिर में आयोजित तीन दिवसीय भव्य कार्तिक उत्सव के अंतिम दिन रविवार को भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र की दिव्य शोभायात्रा अत्यंत श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में निकाली गई। इस अवसर पर मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन और जयकारों से गूंज उठा।

समारोह के समापन का शुभारंभ आगरा मंडल के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) भगत जी और मथुरा-वृंदावन के विधायक श्रीकांत शर्मा ने भगवान श्रीश्री राधा वृन्दावनचंद्र का विशेष पूजन-अर्चना और सोहनी सेवा कर किया। इसके बाद ठाकुर जी को चंदन की लकड़ी से निर्मित भव्य एवं कलात्मक दिव्य रथ पर विराजमान कराया गया।

श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ भगवान के दिव्य रथ को खींचकर मंदिर प्रांगण की परिक्रमा कराई। पुष्पवर्षा, भक्ति संगीत और महामंत्र संकीर्तन के बीच निकली इस शोभायात्रा में भक्तों काार भारी सैलाब उमड़ा। ठाकुर जी को आकर्षक पोशाक और विविध सुगंधित पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। मंदिर में सजे भव्य फूल बंगले ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

पावन अवसर पर भगवान को छप्पन भोग अर्पित किए गए। भक्तों ने सामूहिक रूप से श्री दामोदराष्टकम का गान किया और दीप प्रज्वलित कर दीपदान किया। संपूर्ण मंदिर परिसर को दुधिया विद्युत रोशनी और कलात्मक रंगोलियों से भव्य रूप से सजाया गया था। तीन दिनों तक चले इस धार्मिक अनुष्ठान में दिव्य दर्शन, पूजन, नौका विहार, फूल बंगला, छप्पन भोग और शोभायात्रा जैसे विभिन्न कार्यक्रमों के साथ उत्सव का समापन हुआ।————

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights