बाइक सवार दो हमलावरों ने सरेआम बरसाईं गोलियां, अस्पताल में दोनों ने तोड़ा दम, पुरानी रंजिश के चलते वारदात की आशंका, पुलिस ने गांव में डाला डेरा।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। पुरकाजी क्षेत्र के दादूपुर गांव में रविवार को गोलियों की तड़तड़ाहट ने दहशत का माहौल पैदा कर दिया। बाइक सवार दो हमलावरों ने पिता-पुत्र को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियां लगने से दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाए गए पिता-पुत्र की उपचार के दौरान मौत हो गई। इस गोलीकांड में मरने वालो की पहचान सुखजिंदर सिंह और मुख्तियार सिंह के रूप में हुई है। दोहरी हत्या की खबर फैलते ही गांव में चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बाइक पर सवार होकर पहुंचे दो बदमाशों ने पिता-पुत्र पर अचानक गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।

हमले की अचानक हुई वारदात से आसपास मौजूद लोग सहम गए। गोलियों की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन हमलावर वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भारी फोर्स के साथ गांव पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। प्रारंभिक तौर पर हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका जताई जा रही है, हालांकि वारदात की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हुई है। पुलिस हमलावरों की तलाश और घटना के सभी पहलुओं की जांच में जुटी है। दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights