उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले की पुलिस ने झटपमारी के एक मामले में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। एक वरिष्ठ अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान तरबगंज निवासी अमित तिवारी उर्फ घुरले के रूप में हुई है और 19 फरवरी को कर्नलगंज थाना क्षेत्र के चकरौत बाजार के पास महिला के साथ हुई झपटमारी की घटना में पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।

उन्होंने बताया कि इस मामले में 27 मार्च को पुलिस एक अन्य आरोपी विवेक पांडेय उर्फ विक्कू को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि तिवारी फरार था। इसके बाद उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सोमवार रात नरायनपुर क्षेत्र में तिवारी की मौजूदगी की पुख्ता सूचना मिली, जिसके बाद कर्नलगंज कोतवाली पुलिस, विशेष ऑपरेशन समूह (एसओजी) और सर्विलांस टीम ने उसे घेर लिया। उन्होंने बताया कि खुद को घिरता देख तिवारी ने पुलिस टीम पर गोली चला दी।

जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जायसवाल ने बताया कि आरोपी को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपी के पास से एक तमंचा, एक कारतूस, एक खोखा, एक मोटरसाइकिल और 22 हजार रुपये बरामद किए गए हैं। तिवारी के खिलाफ गोंडा और बस्ती जिलों में कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights