कमिश्नरेट पुलिस ने असामाजिक तत्वों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। थाना टिब्बा की पुलिस ने नाकाबंदी के दौरान चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के मोटरसाइकिल भी बरामद किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, एस.आई. मोहिंदर राज समेत पुलिस पार्टी 29 मार्च को गश्त के दौरान न्यू सुभाष नगर स्थित टी-प्वाइंट त्रिकोणी पार्क के पास मौजूद थी। इसी दौरान मुखबिर खास ने सूचना दी कि सनी सिंह, साहिल सिंह और शाम कुमार, जो कि चोरी और लूटपाट करने के आदी हैं, इलाके में किसी वारदात की फिराक में घूम रहे हैं। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए श्मशान घाट रोड के पास टी-प्वाइंट चंद्र लोक कॉलोनी की तरफ नाकाबंदी कर दी। इसी बीच एक काले रंग के हीरो पैशन मोटरसाइकिल पर सवार होकर आ रहे तीनों संदिग्धों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। चेकिंग के दौरान पुलिस ने तीनों को काबू कर लिया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल के अलावा एक अन्य चोरीशुदा मोटरसाइकिल भी बरामद किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्होंने शहर के किन-किन इलाकों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम दिया है। जल्द ही बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights