झारखंड के पलामू जिले के रेहला थाना क्षेत्र अंतर्गत कधवन गांव में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूली बच्चों को बस में बैठा रहे खलासी की मौत हो गई। हादसे में बस में चढ़ रहे बच्चे बाल-बाल बच गए। मृतक की पहचान रेहला निवासी 60 वर्षीय नूर मोहम्मद के रूप में हुई है। घटना के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद एमएमसीएच में पूर्वाह्न करीब 11 बजे पोस्टमाटर्म किया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार कधवन गांव में दो स्कूल बसें खड़ी थीं और बच्चे उनमें सवार हो रहे थे। इसी दौरान नूर मोहम्मद एक बस में बच्चों को बैठाने में लगे थे। तभी पीछे से तेज रफ्तार हाइवा ने आकर एक बस को टक्कर मार दी और नूर मोहम्मद को अपनी चपेट में ले लिया।
हादसा इतना गंभीर था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि नूर मोहम्मद पिछले 7-8 वर्षों से स्कूल बस में खलासी के रूप में कार्यरत थे। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों ने जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है।
