झारखंड के हजारीबाग जिले के बरकट्ठा प्रखंड के सक्रेज गांव के पास जीटी रोड पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार शिक्षक चंद्रशेखर आजाद (52) की मौके पर ही मौत हो गई। वे प्राथमिक विद्यालय सोकी में पदस्थापित थे और वर्तमान में गौरिया करमा चौक स्थित एक भाड़े के मकान में रह रहे थे।

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, शिक्षक अपनी बेटी की शादी का निमंत्रण कार्ड बांटने के लिए बाईक से घर से निकले थे। इसी दौरान सरिया लदे ट्रेलर ने उनकी बाइक (संख्या जे एस 02टी 9532) को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि उनकी घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटनास्थल से उनकी बाइक की डिक्की में रखे शादी के निमंत्रण कार्ड भी बरामद हुए, जिनमें 7 मई को शादी की तिथि अंकित थी।

पूरे क्षेत्र में शोक की लहर
इस दर्दनाक हादसे के बाद परिवार में जहां शादी की तैयारियां चल रही थीं, वहीं अब मातम का माहौल पसरा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रेलर को जब्त कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights