सहारनपुर/आगामी त्योहारों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराए जाने तथा जनपद में सुदृढ़ कानून-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से आज जिलाधिकारी अरविन्द कुमार सहारनपुर एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन सहारनपुर द्वारा भारी पुलिस बल के साथ जनपद के संवेदनशील क्षेत्रों में संयुक्त पैदल गश्त एवं फ्लैग मार्च किया गया। इस दौरान थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के प्रमुख बाजारों, व्यस्त चौराहों एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का गहन निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा आमजन से संवाद स्थापित कर सुरक्षा का भरोसा दिलाया गया तथा क्षेत्र में यातायात व्यवस्था का सूक्ष्म अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को यातायात संचालन को और अधिक सुचारू एवं व्यवस्थित बनाए रखने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।जनपद के समस्त थाना क्षेत्रों में भी राजपत्रित अधिकारियों के नेतृत्व में लगातार फ्लैग मार्च एवं सघन गश्त की कार्यवाही की जा रही है। अभियान का उद्देश्य आमजन में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना को सुदृढ़ करना, असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करना तथा पर्वों को आपसी भाईचारे एवं सौहार्द के साथ सम्पन्न कराना है। जनपद पुलिस द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक अथवा अपुष्ट सूचना/अफवाह पर ध्यान न दें एवं सोशल मीडिया पर तथ्यहीन सामग्री प्रसारित करने से बचें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें।
