–बुढ़ापे में इंसाफ की आस में दर दर की ठोकर खाने को मजबूर हुआ पीड़ित
मुजफ्फरनगर। शहर के खालापार क्षेत्र में एक प्लॉट को लेकर शुरू हुआ विवाद अब गंभीर आरोपों और दहशत भरे माहौल में बदलता नजर आ रहा है। खालापार निवासी फजल अहमद ने अपने पड़ोसी दबंगों पर प्लॉट पर अवैध कब्जा करने, मारपीट, तोड़फोड़, धमकी देने और पुलिस कार्रवाई न होने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पीड़ित परिवार का कहना है कि लगातार शिकायतों के बावजूद उन्हें न्याय नहीं मिल पा रहा, जबकि आरोपी खुलेआम धमकियां देकर निर्माण कार्य भी करवा रहे हैं। गुरुवार को रुड़की रोड स्थित होटल ग्रीन एप्पल में खालापार निवासी पीड़ित
फजल अहमद पुत्र शब्बीर ने मीडिया सेंटर के पत्रकारों से वार्ता करते हुए आप बीती को रुआंसी हालत में बताया। पीड़ित फजल अहमद का आरोप है कि उनके घर के बराबर में स्थित एक प्लॉट का बैनामा वर्ष 1980 में उनके नाम हुआ था और वह वर्षों से उस पर काबिज चले आ रहे थे। आरोप है कि 26 जनवरी 2026 को शादाब पुत्र शमशेर ने कथित रूप से उस प्लॉट के फ्रंट हिस्से का बैनामा अपनी पत्नी के नाम अवैध तरीके से करा लिया। पीड़ित का आरोप है कि आरोपी का संबंध गैंगस्टर नईम कुरैशी से रहा है और उसी का डर दिखाकर क्षेत्र में दबंगई की जा रही है।
आरोप है कि गत 9 फरवरी 2026 को वह अपनी विकलांग पत्नी सलमा के साथ प्लॉट में मौजूद थे, तभी शादाब और उसके साथियों ने वहां पहुंचकर दोनों के साथ मारपीट की, अभद्रता की और जबरन प्लॉट खाली करा लिया। फजल अहमद का दावा है कि घटना की वीडियो उनके मोबाइल में मौजूद है, लेकिन इसके बावजूद न तो मेडिकल कराया गया और न ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने प्लॉट पर मकान निर्माण शुरू करा दिया। आरोप है कि मामले में कार्रवाई न होने से परेशान होकर फजल अहमद ने मुख्यमंत्री से भी गुहार लगाई। बताया गया कि वह गोरखपुर स्थित गोरखनाथ मंदिर पहुंचे और मुख्यमंत्री को पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद जांच टीम उनके घर पहुंची और बयान दर्ज किए गए। आरोप है कि इतना सब कुछ होने के बावजूद भी आरोपियों का निर्माण कार्य नहीं रुक सका। पीड़ित परिवार का कहना है कि 9 फरवरी की घटना के बाद उनका बेटा लताफत डर के कारण घर छोड़कर कोतवाली नगर क्षेत्र में रहने लगा। आरोप है कि 17 अप्रैल 2026 को शादाब ने अपने लोगों को लताफत पर हमला करने के लिए भेजा। जब वह वहां नहीं मिला तो घर के बाहर खड़ी गाड़ी में तोड़फोड़ कर चोरी की गई और आरोपी फरार हो गए। आरोप है कि घटना की सूचना थाना कोतवाली नगर पुलिस को दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। फजल अहमद ने यह भी आरोप लगाया कि 16 मई 2026 की रात करीब 9:38 बजे शादाब उनके घर पहुंचा और घर में रखा सामान के साथ तोड़फोड़ करने लगा। आरोप है कि इस दौरान गंदी गालियां देते हुए पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई और कहा गया कि किसी भी थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं होगी। पीड़ित परिवार का दावा है कि यह पूरी घटना घर में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद है। पीड़ित फजल अहमद ने सोशल मीडिया के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इंसाफ दिलवाए जाने और दोषियों को सख्त से सख्त सजा दिलवाए जाने की मांग की है।
