उत्तर प्रदेश में बस्‍ती जिले के सोनहा इलाके में बीते रविवार की सुबह 12 साल की एक बालिका की लाश खेत में मिली है। लाश का कुछ हिस्सा मिट्टी में दबा हुआ था। बालिका के पूरे शरीर पर नोचने के निशान और नुकीले घाव पाए गए हैं। ग्रामीणों का मानना है कि यह मामला रेप के बाद हत्या का हो सकता है। वहीं, पुलिस का कहना है कि बालिका की मौत कुत्तों के झुंड के हमले की वजह से हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।

बिस्तर से लापता बच्ची की लाश खेत में मिली, कपड़े नहीं थे… रेप की आशंका
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि बालिका अपनी मां के साथ मामा के घर आई थी। रात में दोनों ने साथ में खाना खाया और सो गए। रविवार सुबह जब बालिका अपने बिस्तर पर नहीं मिली, तो परिवार वाले उसकी तलाश करने लगे। फिर, खेत की तरफ जाने पर उन्हें वहां बालिका की लाश मिली। शव पर सेरवार नहीं था यानी उसके कपड़े भी नहीं थे। उसके सिर, हाथ और पैर का कुछ हिस्सा मिट्टी में दबा हुआ था। घटना स्थल पर संघर्ष के निशान और चप्पल के टुकड़े भी मिले हैं।ग्रामीणों का कहना है कि बच्ची की रेप के बाद हत्या कर लाश को खेत में दबाने की कोशिश की गई है। उसकी मां का कहना है कि उसकी बेटी रोज सुबह आम बीनने जाती थी। रविवार को भी वह आम लेने गई थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।

कुत्तों के झुंड ने शव को घेर रखा था, पुलिस ने हमले की जताई संभावना
सीओ सतेंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि जब बालिका की लाश देखी गई तो वहां 8-10 कुत्ते उसे घेर कर खड़े थे। उसके शरीर पर नुकीले घाव और नोचने के निशान थे। शुरुआती जांच में पता चला है कि गांव में कुत्तों का आतंक बहुत ज्यादा है। इन कुत्तों ने कई बकरियों को भी मार डाला है। बुजुर्ग और बच्चे भी इन कुत्तों के काटने का शिकार हो चुके हैं। सुबह भी एक बच्चे को भी इन कुत्तों ने काट लिया है, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बालिका के मामले में भी ऐसा ही लग रहा है कि कुत्तों ने हमला किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights