असम के काजीरंगा राष्ट्रीय उद्यान और बाघ अभयारण्य में बुधवार रात वन रक्षकों और पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक संदिग्ध शिकारी मारा गया। उद्यान के एक अधिकारी ने गुरूवार को यह जानकारी दी।

एक अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ स्थल से हथियार और गोला-बारूद भी बरामद किए गए हैं।

अगोराटोली रेंज स्थित बालीडूबी कैंप पर शिकारियों के संभावित हमले की खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस और वन विभाग ने बुधवार रात संयुक्त अभियान शुरू किया था।

अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के सभी वन शिविरों को हाई अलर्ट पर रखा गया और अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए।

रात करीब साढ़े दस बजे धानबाड़ी क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधि देखे जाने पर सुरक्षा बलों ने चेतावनी दी, लेकिन जवाब में शिकारियों ने गोलीबारी शुरू कर दी।

इसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने जवाबी कार्रवाई शुरू की। दोनों पक्षों के बीच लगभग आधे घंटे तक गोलीबारी चली, जिसके बाद शिकारी भाग गए।

मुठभेड़ के बाद तलाश अभियान के दौरान एक घायल व्यक्ति मिला, जिसे तुरंत बोकाखाट के स्वाहिद कमला मिरी सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल से एक एके-56 राइफल, 11 कारतूस, एक 0.303 राइफल बरामद किया गया। साथ ही, पुलिस ने एक बैग भी बरामद किया, जिसमें कुल्हाड़ी, खाने का सामान और टॉर्च था।

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश के लिए अभियान जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights