------------------

किंशासा, 26 सितम्बर । मध्य अफ्रीकी देश डेमोक्रेटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो (डीआरसी) के दक्षिण-पश्चिमी हिस्से में शुक्रवार को सेना का एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में सेना के वरिष्ठ अधिकारियों, जवानों और आम नागरिकों समेत कम से कम 14 लोगों की मौत हो गई।

अलजजीरा न्यूज के मुताबिक, विमान दक्षिण-पश्चिमी शहर किकविट से राजधानी किंशासा जा रहा था। इसी दौरान विमान में तकनीकी खराबी आ गई और उसने क्वांगो प्रांत के केंगे में उतरने की कोशिश की। हालांकि, वहां लैंडिंग स्ट्रिप नहीं होने के कारण विमान एक रिहायशी इलाके में जा गिरा।

क्वांगो के डिप्टी गवर्नर रेमी साकी बोकिंडा ने बताया कि केंगे में विमान के उतरने के लिए कोई हवाई पट्टी नहीं थी, जिसके कारण विमान रिहायशी इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

कांगो की सेना के प्रवक्ता मेजर-जनरल एफोमी एकेन्गे के मुताबिक, हादसे में 14 लोगों की मौत हुई है। उन्होंने बताया कि विमान में सवार सभी लोगों की जान चली गई। इनमें से 12 शव बुरी तरह जल गए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया। पायलट का शव विमान के मलबे के बाहर मिला।

सेना के अनुसार, मृतकों में आम नागरिकों के अलावा दो जनरलों के साथ यात्रा कर रहे सरकारी प्रतिनिधिमंडल के सदस्य और सेना के अन्य जवान भी शामिल थे। अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर शव गंभीर रूप से जल गए हैं।

हादसे के बाद दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने विमान में आई तकनीकी खराबी और दुर्घटना से पहले लैंडिंग की कोशिश समेत सभी पहलुओं की जांच शुरू की है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights