समरकंद (उज्बेकिस्तान), 26 सितंबर । शतरंज ओलंपियाड के नौवें दौर में भारत के लिए शुक्रवार का दिन शानदार रहा। भारतीय पुरुष और महिला दोनों टीमों ने अपने-अपने मुकाबले जीतकर टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत की। पुरुष टीम ने जर्मनी को 2.5-1.5 से हराया, जबकि महिला टीम ने मेजबान उज्बेकिस्तान को 3-1 से शिकस्त दी।
पिछले दौर में दोनों टीमों के मुकाबले ड्रॉ रहने के बाद जीत जरूरी थी। पुरुष टीम को जर्मनी से कड़ी चुनौती मिली, लेकिन विश्व चैंपियन डी. गुकेश की शानदार जीत ने भारत को मुकाबला अपने नाम करने में मदद की।
गुकेश ने चौथे बोर्ड पर काले मोहरों से खेलते हुए अलेक्जेंडर डोनचेंको को 54 चालों में हराया। एक समय मुश्किल स्थिति में दिखाई दे रहे गुकेश ने धैर्य बनाए रखा और शानदार घोड़े की चाल के जरिए मुकाबले का रुख पलट दिया।
अन्य तीन मुकाबलों में आर. प्रज्ञानानंद, अर्जुन एरिगैसी और निहाल सरीन ने अपने-अपने मुकाबले ड्रॉ खेले। इस जीत के बाद भारत के 15 अंक हो गए हैं और वह ओपन वर्ग में संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर है। उज्बेकिस्तान की दूसरी टीम और आर्मेनिया के भी 15 अंक हैं, जबकि 16 अंकों के साथ उज्बेकिस्तान शीर्ष पर है। प्रतियोगिता में अब दो दौर बाकी हैं।
महिला वर्ग में भारत ने मेजबान उज्बेकिस्तान को 3-1 से हराया। कोनेरू हम्पी ने अफरुजा खामदमोवा के खिलाफ ड्रॉ खेला, जबकि दिव्या देशमुख ने गुलरुखबेगिम तोखिरजोनोवा और वंतिका अग्रवाल ने निलुफरखोन इमोमकुजीवा को हराया।
वहीं, टूर्नामेंट में लगातार सात जीत दर्ज करने वाली बी. सविता श्री को पहली बार ड्रॉ से संतोष करना पड़ा। उन्होंने गुलदोना करीमोवा के खिलाफ बाजी बराबरी पर समाप्त की।
महिला वर्ग में भी भारत के 15 अंक हैं और वह कजाकिस्तान तथा मंगोलिया के साथ संयुक्त दूसरे स्थान पर है। पूर्व चैंपियन चीन 17 अंकों के साथ शीर्ष पर है।
