ईद मिलन समारोह में दिखी गंगा-जमुनी तहजीब की मिसाल, रूठों को मनाने का बना मंच
मुजफ्फरनगर। शहर में सामाजिक सौहार्द और भाईचारे को मजबूत करने की दिशा में एक सराहनीय पहल करते हुए मीमलाना रोड स्थित यूनिवर्सल पब्लिक स्कूल में भव्य ईद मिलन समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य केवल त्योहार मनाना ही नहीं, बल्कि रूठे हुए अपनों और गैरों को फिर से जोड़कर समाज में प्रेम, एकता और भाईचारे की भावना को आगे बढ़ाना रहा। कार्यक्रम से पूर्व आयोजित प्रेस वार्ता में डॉ. जमील अहमद ने कहा कि हमारे देश की खूबसूरती उसकी विविधता में है। होली, दीपावली और ईद जैसे पर्व हमें यह संदेश देते हैं कि सभी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ मिलजुल कर रहने का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं और आपसी रिश्तों को और अधिक मजबूत बनाते हैं। ईद मिलन समारोह में जनपद के कई प्रमुख सामाजिक व राजनीतिक हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मीनाक्षी स्वरूप, गौरव स्वरूप, पूर्व विधायक नवाजिश आलम खां, राव वारिस खां, वरिष्ठ सपा नेता राकेश शर्मा, जिला अध्यक्ष ज़िया चौधरी, पूर्व जिला अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, पूर्व सांसद कादिर राणा तथा विधायक पंकज मलिक सहित अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।

इस अवसर पर वक्ताओं ने एक सुर में कहा कि त्यौहार केवल खुशियां मनाने का माध्यम नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का जरिया होते हैं। जब हम एक-दूसरे की खुशियों में शामिल होते हैं, तो इससे समाज में प्रेम, विश्वास और सौहार्द की भावना और प्रगाढ़ होती है। कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. जुनैद अहमद (डेंटिस्ट), डॉ. फैज़ मलिक, खुर्शीद मलिक, वसीम मलिक, सैफ आलम और मास्टर सलीम (बीडीसी) का विशेष सहयोग रहा। इसके अलावा कलीम त्यागी, तहसीन अली, गुलबहार मलिक, शमीम कस्सार, असद फारूकी, हाजी आसिफ राही, दिलशाद पहलवान और इकराम कस्सार सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और समाज में प्रेम, भाईचारे एवं एकता को बनाए रखने का संकल्प लिया। यह ईद मिलन समारोह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे की एक जीवंत मिसाल बनकर उभरा।
