भव्य शुभारंभ के साथ योग सप्ताह प्रारंभ, जनपद भर में जागरूकता का संचार

– फतहा घाट से चुनार किला तक गूंजा योग का स्वर, जनप्रतिनिधियों और संस्थाओं की सहभागिता

मीरजापुर, 15 जून (हि.स.)। 11वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में रविवार को जनपद में योग सप्ताह की भव्य शुरुआत हुई। जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार के कुशल मार्गदर्शन में जनपद की चारों तहसीलों, तीनों नगर पालिकाओं, एक नगर पंचायत, 12 ब्लॉकों, गंगा तटवर्ती फतहा घाट, ऐतिहासिक चुनार किला, सभी आयुष चिकित्सालयों एवं ग्राम पंचायतों में एक साथ योग सप्ताह का उद्घाटन कार्यक्रम आयोजित किया गया।

योग सप्ताह का शुभारंभ फतहा घाट पर हुआ, जहां जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्साधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी पंचायत, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला होम्योपैथी चिकित्साधिकारी, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. श्रीकांत रजक समेत अनेक प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की खास बात रही विभिन्न सामाजिक व योग संस्थाओं की सक्रिय भागीदारी। ब्रह्मकुमारी, पतंजलि योग संस्थान और आर्ट ऑफ लिविंग के प्रतिनिधियों ने सामूहिक योग अभ्यास में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और उद्घाटन कार्यक्रम को भव्यता प्रदान की।

गंगा तट से लेकर ग्रामीण अंचलों तक योग का संदेश पहुंचाते हुए इस पहल ने जनमानस में स्वास्थ्य और जागरूकता के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित किया। जिले में आगामी दिनों तक चलने वाले योग सप्ताह में विभिन्न स्थानों पर योग प्रशिक्षण, सत्र और जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights