कहीं नक्शे लटके, कहीं आवासों की गुणवत्ता खराब तो कहीं सड़कें बार-बार खोदने पर जताई नाराजगी, जिला अस्पताल और श्रम विभाग की शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। विकास कार्यों में लापरवाही, सरकारी योजनाओं में अनियमितता और जनसमस्याओं की अनदेखी करने वाले अधिकारियों की अब जवाबदेही तय होगी। जनता को राहत देने के बजाय सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाने की कार्यशैली किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शनिवार को विकास भवन में आयोजित समीक्षा बैठक में प्रदेश सरकार के व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास तथा उद्यमशीलता विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को दो टूक चेतावनी दी। मेरठ रोड स्थित विकास भवन में आयोजित बैठक में जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी अमित कुमार, नगर मजिस्ट्रेट दीपक कुमार पाल, विकास प्राधिकरण सचिव कुंवर बहादुर सिंह, विद्युत विभाग के चीफ, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बेसिक शिक्षा अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, जिला पंचायत राज अधिकारी तथा सहायक श्रम आयुक्त देवेश सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
मंत्री ने मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमानुसार आवेदन करने वाले नागरिकों के भवन नक्शे अनावश्यक रूप से लंबित क्यों रखे जा रहे हैं? नक्शा स्वीकृति की प्रक्रिया सरल, पारदर्शी और समयबद्ध होनी चाहिए। प्रधानमंत्री आवास योजना के आवासों में पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की कमी और घटिया निर्माण की शिकायतों पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। दीवारों में कील ठोकने पर रेत निकलने जैसी शिकायतों को गंभीर बताते हुए गुणवत्ता की जांच और तत्काल सुधार के निर्देश दिए।
जल निगम को पाइपलाइन और पानी की टंकियों के कार्य के दौरान खोदी गई सड़कों की तत्काल मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बिजली विभाग की धीमी कार्यप्रणाली पर नाराजगी जताते हुए ट्रांसफार्मर, बिजली के खंभे और लाइनों को समयसीमा में शिफ्ट करने को कहा। नगर पालिका के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए सवाल किया कि आखिर एक ही सड़क कितनी बार बनाई और खोदी जाएगी? कभी बिजली तो कभी आईजीएल गैस पाइपलाइन के नाम पर नई सड़कें खोदना सरकारी धन की बर्बादी है। उन्होंने सड़क निर्माण से पहले सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर जोर दिया। जिला अस्पताल में भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की शिकायतों पर सीएमओ को जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों का शोषण बर्दाश्त नहीं होगा। श्रम विभाग में भ्रष्टाचार और पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ नहीं मिलने पर सहायक श्रम आयुक्त को फटकार लगाते हुए आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिला पंचायत राज अधिकारी को गांवों में कूड़े के ढेर हटवाने, नियमित सफाई कराने तथा सामुदायिक और सार्वजनिक शौचालयों की स्थिति सुधारने के निर्देश दिए। मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने अंत में सभी अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता सर्वोपरि होनी चाहिए। जनता की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए। लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों की जवाबदेही तय होगी और जनहित से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।
