मौत से जूझती रही किशोरी, पेड़ की डाल पकड़कर लगाती रही जिंदगी की गुहार
गश्त कर रही भोपा पुलिस बनी फरिश्ता, हत्या के प्रयास में दोनों गिरफ्तार
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जिस पिता के कंधों पर बेटी की सुरक्षा और परवरिश की जिम्मेदारी होती है, उसी पिता पर अपनी नाबालिग बेटी को जान से मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोप है कि पिता ने अपनी दूसरी पत्नी के साथ मिलकर किशोरी को गंगनहर में धक्का दे दिया और उसे मृत समझकर मौके से फरार हो गया। गंगनहर के तेज बहाव में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रही किशोरी पेड़ की एक शाखा पकड़कर बचाओ-बचाओ की गुहार लगाती रही। इसी दौरान गश्त कर रही भोपा पुलिस ने उसकी आवाज सुन ली और तत्काल मौके पर पहुंचकर उसकी जान बचा ली। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में आरोपी पिता और सौतेली मां को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 27 नवंबर की रात की बताई गई है। थाना भोपा पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान गंगनहर पटरी के पास से एक युवती के चीखने और बचाने की आवाज सुनाई दी। पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर देखा कि नाबालिग युवती नहर में डूबे एक पेड़ की शाखा को पकड़कर बाहर निकलने के लिए संघर्ष कर रही है। पुलिस ने तत्काल अतिरिक्त पुलिस बल और महिला आरक्षी को बुलाया। काफी मशक्कत के बाद किशोरी को सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया गया और उसे आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
महिला आरक्षी द्वारा पूछताछ किए जाने पर किशोरी ने जो आरोप लगाए, वे बेहद चौंकाने वाले थे। उसने बताया कि उसके पिता फैसल और सौतेली मां साया हसीन ने उसे जान से मारने की नीयत से गंगनहर में धक्का दिया था। उसे मृत समझकर दोनों वहां से चले गए। किशोरी की शिकायत पर थाना भोपा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ग्राम रुड़कलि तालिब अली निवासी फैसल पुत्र रशीद और उसकी पत्नी साया हसीन को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार फैसल थाना भोपा का हिस्ट्रीशीटर अपराधी है। इस साहसिक कार्रवाई ने एक बार फिर साबित कर दिया कि पुलिस की सतर्कता और समय पर लिया गया फैसला किसी की जिंदगी बचा सकता है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
मुजफ्फरनगर। क्षेत्राधिकारी भोपा राधा रमण सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि 27 नवंबर की देर रात करीब 10 बजे जोली चौकी प्रभारी सुमित व अपनी पुलिस टीम के साथ भोपा गंगनहर पटरी पर गश्त कर रहे थे। इसी दौरान टीम को नहर की ओर से बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई दी।

आवाज सुनते ही पुलिसकर्मियों ने बिना समय गंवाए मौके पर पहुंचकर देखा कि एक नाबालिग किशोरी गंगनहर में डूब रही थी और पेड़ की शाखा पकड़कर अपनी जान बचाने के लिए संघर्ष कर रही थी। पुलिस टीम ने तत्काल प्रयास करते हुए किशोरी को सकुशल नहर से बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे प्राथमिक उपचार एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। सीओ राधा रमण सिंह के अनुसार किशोरी ने अपने बयानों में पिता फैसल और सौतेली मां साया हसीन पर उसे जान से मारने की नीयत से गंगनहर में धक्का देने का आरोप लगाया। किशोरी के बयानों के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके विरुद्ध संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
