aiims-vitamin-d-anemia-

नई दिल्ली, 28 नवंबर । शरीर में आयरन की कमी से होने वाले एनीमिया (खून की कमी) के इलाज में विटामिन-डी भी मददगार हो सकता है। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स ) के एक शोध में सामने आया है कि जिन मरीजों में विटामिन-डी की कमी है, उन्हें आयरन की दवा के साथ विटामिन-डी देने से बेहतर परिणाम मिल सकते हैं। ऐसे मरीजों में हीमोग्लोबिन और शरीर में आयरन का स्तर उन मरीजों के मुकाबले ज्यादा बढ़ा, जिन्हें केवल आयरन और अन्य पोषक तत्व दिए गए थे।

यह शोध अंतरराष्ट्रीय पत्रिका ‘द जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन’ में प्रकाशित हुआ है।

एम्स के फार्माकोलॉजी विभाग के प्रोफेसर डॉ. हरलोकेश नारायण यादव के नेतृत्व में यह अध्ययन किया गया। इसमें कुल 400 मरीज शामिल हुए, जिनमें से 385 मरीजों ने 90 दिनों का अध्ययन पूरा किया।

शोध के दौरान मरीजों को तीन समूहों में बांटा गया। पहले समूह में ऐसे मरीज थे, जिनके शरीर में विटामिन-डी का स्तर सामान्य था। दूसरे समूह में विटामिन-डी की कमी वाले मरीज थे, जिन्हें आयरन, फोलिक एसिड और विटामिन-बी 12 दिया गया। तीसरे समूह में भी विटामिन-डी की कमी वाले मरीज थे लेकिन उन्हें इन दवाओं के साथ अतिरिक्त विटामिन-डी भी दिया गया।

90 दिन बाद तीसरे समूह के मरीजों में सबसे बेहतर सुधार देखने को मिला। इस समूह में हीमोग्लोबिन का औसत स्तर 11.95 रहा, जबकि विटामिन-डी की कमी होने के बावजूद केवल आयरन और अन्य पोषक तत्व लेने वाले मरीजों में यह 10.48 था।

इसी तरह, शरीर में आयरन जमा होने का पता लगाने वाले फेरिटिन का स्तर भी विटामिन-डी लेने वाले मरीजों में ज्यादा पाया गया। इसके अलावा लाल रक्त कोशिकाओं और खून से जुड़े दूसरे मानकों में भी बेहतर सुधार दर्ज किया गया। शोध में एम्स के हेमेटोलॉजी, मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी, साइकियाट्री और अन्य विभागों के विशेषज्ञ भी शामिल रहे। इस शोध को भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद से आर्थिक सहयोग मिला।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights