कानपुर, 11 मई । भारतीय जनता पार्टी कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल के बड़े भाई स्वर्गीय रामपाल के निधन पर सोमवार को प्रदेश उपाध्यक्ष एवं विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक उनके आवास पहुंचे और शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिजनों से मुलाकात कर दुख साझा किया तथा दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
विजय बहादुर पाठक ने कहा कि स्वर्गीय रामपाल का जीवन सादगी, सामाजिक समर्पण और पारिवारिक मूल्यों का उदाहरण था। उन्होंने समाज में हमेशा आत्मीयता और सहयोग की भावना के साथ कार्य किया। उनका निधन न केवल परिवार बल्कि समाज और शुभचिंतकों के लिए भी अपूरणीय क्षति है।
उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में भारतीय जनता पार्टी का प्रत्येक कार्यकर्ता प्रकाश पाल और उनके परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है। परिवार ने वर्षों से सामाजिक और संगठनात्मक जीवन में जो सम्मान अर्जित किया है, वह सदैव स्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने तथा परिवार को यह दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।
इस दौरान भाजपा दक्षिण जिला अध्यक्ष शिवराम सिंह सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शुभचिंतक मौजूद रहे। सभी ने स्वर्गीय रामपाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं।
