vice-chancellor-prof-satpal

नैनीताल, 12 अक्टूबर । कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल बिष्ट ने सोमवार को भीमताल परिसर का औचक निरीक्षण कर वहां स्थित जैव प्रौद्योगिकी, भेषज विज्ञान और प्रबंध अध्ययन विभागों की व्यवस्थाएं परखीं। उन्होंने विभागों को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (नैक) के मानकों के अनुरूप तैयारियां सुनिश्चित करने और निर्धारित समय में आवश्यक कार्यवाही पूरी करने के निर्देश दिये।

कुलपति ने सुबह 10 बजे जैव प्रौद्योगिकी विभाग से निरीक्षण शुरू किया। उन्होंने विभागीय व्यवस्थाओं और उपस्थिति पंजिकाओं का जायजा लेने के साथ कक्षाओं में विद्यार्थियों से मुलाकात कर उनकी पढ़ाई के बारे में जानकारी ली। छात्रावासों का निरीक्षण करने के बाद वह भेषज विज्ञान विभाग पहुंचे। यहां उन्होंने उपकरणों को स्वयं चलाकर व्यवस्थाएं परखीं, आंतरिक परीक्षाओं के संचालन की जानकारी ली और शिक्षकों को शोध कार्यों को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहित किया। विद्यार्थियों से उनकी समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली।

इसके बाद प्रबंध अध्ययन विभाग में शोध गतिविधियों, अवस्थापना विकास और पुस्तकालय की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। कुलपति ने सभी विभागों में निष्प्रयोज्य सामग्री का समयबद्ध निस्तारण करने के निर्देश भी दिये।

उल्लेखनीय है कि गत 22 सितंबर 2026 को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति का कार्यभार ग्रहण करने के बाद आज उनका भीमताल परिसर का पहला भ्रमण था। निरीक्षण के दौरान परिसर निदेशक प्रो. एलके सिंह, तकनीकी संकायाध्यक्ष प्रो. अनीता सिंह, भेषज विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. कुमुद उपाध्याय, जैव प्रौद्योगिकी विभागाध्यक्ष प्रो. वीना पांडे, एनआईआरएफ संयोजक प्रो. अर्चना नेगी साह, प्रो. महेंद्र राणा, प्रो. तपन नैलवाल, प्रो. तीरथ कुमार, डॉ. राजेश्वर कमल कांत, डॉ. बामाप्रसाद दत्ता, डॉ. रिशेंद्र कुमार, डॉ. संतोष उपाध्याय, डॉ. हितेश पंत, डॉ. मयंक पांडे, डॉ. लक्ष्मण रौतेला और भगवान ध्यानी सहित शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights