नई दिल्ली, 21 सितंबर । लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को राजस्थान की लोक आस्था और वीरता की गौरवशाली परंपरा के प्रतीक, वीर तेजाजी महाराज की दशमी और जन-जन के आराध्य लोक देवता बाबा रामदेव की जयंती पर उन्हें नमन किया।
बिरला ने एक्स पर लिखा, “वीर तेजाजी महाराज का जीवन सत्य, वचन-पालन, साहस, त्याग और जन-कल्याण की प्रेरणा देता है। सदियों से राजस्थान के लोगों के दिलों में तेजाजी के प्रति जो अटूट श्रद्धा रही है, वह हमारी समृद्ध लोक-संस्कृति और परंपराओं का जीवंत प्रमाण है। आज तेजा दशमी के अवसर पर, राज्य भर में श्रद्धालु तेजाजी के पवित्र स्थलों पर जाकर उनकी पूजा-अर्चना करते हैं और सुख, शांति व समृद्धि की कामना करते हैं। वीर तेजाजी महाराज का आशीर्वाद सभी पर बना रहे, हर परिवार सुख-शांति और समृद्धि से परिपूर्ण हो तथा राज्यवासियों के जीवन में खुशहाली आए यही हमारी हार्दिक कामना है।”
उन्होंने कहा कि बाबा रामदेव की व्यापक लोकप्रियता केवल धार्मिक आस्था तक ही सीमित नहीं है उनका जीवन सभी के लिए एक प्रेरणा-पुंज है, जो सामाजिक समरसता, समानता, भाईचारे, सेवा और मानव-कल्याण की सीख देता है। राजस्थान, गुजरात और देश के कई अन्य हिस्सों की लोक-परंपराओं में बाबा का विशेष स्थान है और देश भर से श्रद्धालु उनके प्रति अपनी आस्था प्रकट करने के लिए रामदेवरा आते हैं। बाबा की कृपा सब पर बनी रहे और समाज में प्रेम, सद्भाव, शांति और आपसी सम्मान की भावना और मजबूत हो।
