हर ब्लॉक से एक बस और जिला स्तर पर पांच अतिरिक्त वाहनों की व्यवस्था, 15 नवंबर को सुभारती विश्वविद्यालय में जुटेंगे समाज के प्रतिनिधि, राज्यपाल आचार्य देवव्रत होंगे मुख्य अतिथि।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। सामाजिक एकजुटता और सामूहिक भागीदारी का संदेश देने के लिए मुजफ्फरनगर का जाट समाज अब मेरठ में अपनी ताकत दिखाने की तैयारी में जुट गया है। अखिल उत्तर प्रदेश जाट महासभा की ओर से 15 नवंबर को मेरठ में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय संगोष्ठी को लेकर जनपद में व्यापक स्तर पर जनसंपर्क अभियान शुरू कर दिया गया है। महासभा ने इस आयोजन में मुजफ्फरनगर की भागीदारी को विशेष रूप से प्रभावशाली बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके लिए गांवों से लेकर ब्लॉक स्तर तक लोगों को जोड़ने की रणनीति तैयार की गई है। जनपद के प्रत्येक ब्लॉक से एक बस और जिला स्तर पर पांच अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। शुक्रवार को जाट महासभा के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह मुजफ्फरनगर पहुंचे। जिला अध्यक्ष धर्मवीर बालियान के आवास पर आयोजित पत्रकार वार्ता में उन्होंने राष्ट्रीय संगोष्ठी की तैयारियों और उसके उद्देश्यों की जानकारी दी। इस दौरान महासभा के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जताई और समाज के लोगों से बड़ी संख्या में मेरठ पहुंचने का आह्वान किया। जिला अध्यक्ष धर्मवीर बालियान ने कहा कि यह आयोजन केवल एक संगोष्ठी तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज को एक मंच पर लाने और आपसी एकजुटता को मजबूत करने का महत्वपूर्ण अवसर है। मुजफ्फरनगर की पहचान हमेशा सामाजिक चेतना और सामूहिक भागीदारी से रही है। ऐसे में जनपद का जाट समाज भी इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेगा। उन्होंने बताया कि महासभा के पदाधिकारियों को अलग – अलग क्षेत्रों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, ताकि अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित हो सके। प्रदेश अध्यक्ष चौधरी अमन सिंह ने बताया कि 15 नवंबर, रविवार को मेरठ में एनएच-58 बाईपास स्थित सुभारती विश्वविद्यालय के मंगलम प्रेक्षागृह में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित होगी। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में महामहिम राज्यपाल आचार्य देवव्रत उपस्थित रहेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. केपी सिंह और कर्नल सिंह शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि समाज की वर्तमान चुनौतियों, सामाजिक समन्वय और एकजुटता जैसे विषयों पर सामूहिक विचार-विमर्श के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण साबित होगा। मुजफ्फरनगर से मेरठ तक समाज के लोगों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए विशेष परिवहन व्यवस्था तैयार की गई है। प्रत्येक ब्लॉक से एक बस भेजने के साथ जिला स्तर पर पांच अतिरिक्त बसों की व्यवस्था की गई है। महासभा के पदाधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों से संपर्क कर रहे हैं, जिससे आयोजन में व्यापक भागीदारी हो सके। प्रेस प्रवक्ता बिट्टू सिखेड़ा ने कहा कि महासभा का प्रयास है कि मुजफ्फरनगर से अधिकतम संख्या में समाज के लोग संगोष्ठी में पहुंचें। उन्होंने युवाओं, बुजुर्गों और समाज के गणमान्य लोगों से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की। कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मवीर बालियान ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव चौधरी जयवीर सिंह ने किया। इस दौरान तेजपाल सिंह, आर्य चांदवीर, यशपाल सिंह, चंद्रवीर सिंह, गौरव कुमार, संजीव कुमार, पंकज कुमार, ओमप्रकाश, राहुल पंवार, अमित कुमार, बृजपाल, ब्रजवीर सिंह, प्रमोद कुमार राठी, शुभम राठी, अनुज कुमार, देवेंद्र सिंह बालियान, देवांश राठी, प्रदीप, ओमवीर बालियान, अशोक काकरान, लाखन सिंह काकरान, घनश्याम सिंह, जसपाल सिंह, नरेंद्र पाल सिंह, विपिन चौधरी और रवि चौधरी सहित अनेक पदाधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।
