सांप्रदायिकता के सहारे सत्ता की राजनीति, विकास और जनसुविधाओं पर सरकार मौन! निर्माण की अव्यवस्थाओं ने बढ़ाई हजारों लोगों की मुश्किलें, स्कूल-कॉलेज के विद्यार्थियों की राह भी हुई दुश्वार।
मुजफ्फरनगर ( नीरज प्रजापति)। शहर में विकास कार्यों की रफ्तार और उनके नाम पर किए जा रहे दावों के बीच रेशू विहार रेलवे फाटक पर निर्माणाधीन अंडरपास आम जनता के लिए परेशानी का सबब बनता जा रहा है। निर्माण कार्य के चलते बिगड़ी यातायात व्यवस्था और वैकल्पिक मार्गों के अभाव को लेकर अब राजनीतिक सरगर्मी भी तेज हो गई है। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधान परिषद प्रत्याशी गौरव कुमार जैन ने इस मुद्दे पर भाजपा सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को कटघरे में खड़ा करते हुए विकास की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाए हैं। गौरव जैन ने आरोप लगाया कि भाजपा चुनावी राजनीति में सांप्रदायिक मुद्दों को आगे रखकर वोट हासिल करने की कोशिश करती है, जबकि सड़क, यातायात, शिक्षा, रोजगार और आम नागरिकों की बुनियादी सुविधाओं जैसे वास्तविक मुद्दे उसकी प्राथमिकताओं में पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने कहा कि रेशू विहार अंडरपास इसका उदाहरण बनता दिखाई दे रहा है, जहां निर्माण के नाम पर लोगों को राहत मिलने के बजाय रोजमर्रा की परेशानियों से जूझना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग आवागमन करते हैं। आसपास के स्कूलों और कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। निर्माण कार्य के कारण यातायात प्रभावित होने से विद्यार्थियों को शिक्षण संस्थानों तक पहुंचने में दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं। आम नागरिकों का समय बर्बाद हो रहा है और आवागमन की अव्यवस्था लोगों की दिनचर्या को प्रभावित कर रही है।
सपा नेता ने कहा कि उन्होंने निर्माण कार्य शुरू होने से पहले ही इसकी तैयारियों, योजना और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल उठाए थे। आशंका जताई थी कि पर्याप्त इंतजाम किए बिना काम शुरू हुआ तो जनता को परेशानी झेलनी पड़ेगी। अब उनके अनुसार वही स्थिति सामने आ रही है। उन्होंने सवाल किया कि जब निर्माण कार्य पहले से प्रस्तावित था तो यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए ठोस योजना क्यों नहीं बनाई गई। गौरव जैन ने स्थानीय विधायक एवं राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल से जवाब मांगा कि अंडरपास निर्माण की स्वीकृत लागत कितनी है, इसे पूरा करने की समयसीमा क्या निर्धारित की गई है और निर्माण की गुणवत्ता की निगरानी कौन कर रहा है? उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का श्रेय लेने से पहले जनप्रतिनिधियों को जनता की परेशानियों की जिम्मेदारी भी उठानी चाहिए। उन्होंने निर्माण कार्य में पारदर्शिता बनाए रखने और गुणवत्ता की जांच सुनिश्चित करने की मांग करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएं तथा तत्काल प्रभाव से वैकल्पिक मार्गों और यातायात संचालन की प्रभावी व्यवस्था लागू हो। गौरव जैन ने चेतावनी दी कि जनता की बुनियादी समस्याओं की अनदेखी करने वाली राजनीति को लोकतंत्र में जनता के सवालों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता केवल नारों और दावों से नहीं, बल्कि जमीन पर हुए कामकाज से सरकार का मूल्यांकन करती है।
