up-hamirpur-road-accident-2-death

हमीरपुर, 11 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में कुरारा कस्बे में हमीरपुर-कालपी हाईवे पर ब्लॉक के सामने रविवार को ओमनी गाड़ी का टायर फटने से बड़ा हादसा हो गया। अनियंत्रित होकर गाड़ी पलटने से मॉर्निंग वॉक करके लौट रहे दो महिला समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कुरारा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में इमाम और रुक्मिणी ने दम तोड़ दिया। ममता की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया।

कुरारा कस्बे के वार्ड नंबर 10 निवासी इमाम (40) पुत्र मुंशी, वार्ड नंबर पांच निवासी रुक्मिणी (46) पत्नी रमेश और वार्ड नंबर 10 पालीवाल मोहल्ला निवासी ममता (42) पत्नी स्वर्गीय हरिशंकर वॉक करके लौट रहे थे। इसी दौरान ब्लॉक के सामने ओमनी गाड़ी का टायर अचानक फट गया। इससे चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा और वाहन सड़क पर पलट गया। हादसे में इमाम, रुक्मिणी और ममता के अलावा चालक विक्की (19) पुत्र राजेश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी कुरारा पहुंचाया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। रास्ते में इमाम और रुक्मिणी ने दम तोड़ दिया। वहीं, ममता की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल से उन्हें कानपुर रेफर कर दिया गया। चालक विक्की का भी उपचार कराया गया। प्रभारी निरीक्षक बृजेश सिंह ने रविवार को शाम बताया कि हादसे में इमाम और रुक्मिणी की मौत हो गई है। दोनों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतकों के परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights