up-bijnor-weather-change

बिजनौर, 11 अक्टूबर । उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर में रविवार दोपहर करीब तीन बजे अचानक मौसम बदल गया। आसमान में घने काले बादल छा जाने से दिन में ही अंधेरा हो गया। इसके बाद तेज धूल भरी आंधी चलने लगी। आंधी के कारण कई स्थानों पर पेड़ उखड़ गए और उनकी शाखाएं टूटकर सड़कों पर गिर गईं। इससे जनजीवन प्रभावित हुआ और कई जगह वाहनों को भी नुकसान पहुंचा।

आंधी के दौरान सिविल लाइन पुलिस चौकी पर एक बड़ा पेड़ गिर गया। पेड़ के नीचे खड़ी कई बाइक दबकर क्षतिग्रस्त हो गईं। वहीं अन्य स्थानों पर पेड़ों की शाखाएं टूटकर सड़क से गुजर रहे वाहनों पर गिर गईं, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हुए। गनीमत रही कि इस दौरान कोई जनहानि नहीं हुई | धूल भरी आंधी के कुछ देर बाद तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश के चलते मौसम में ठंडक आ गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली। अचानक मौसम बदलने से सड़कों पर चल रहे राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ा। आंधी और बारिश से खेतों में खड़ी धान और गन्ने की फसल को नुकसान पहुंचने की आशंका है।

तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर फसल गिरने की सूचना है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है। जिले के चांदपुर, किरतपुर और शेरकोट समेत कई नगरों व कस्बों में भी आंधी-बारिश का असर देखने को मिला। हालांकि, फसलों और अन्य संपत्तियों को हुए नुकसान का वास्तविक आकलन अभी सामने नहीं आया है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights