up-auraiya-man-sucide

औरैया, 08 अक्टूबर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में बिधूना भदसया गांव में पत्नी के मायके से वापस न आने से परेशान एक युवक ने जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

भदसया निवासी ओमप्रकाश (27) ड्राइवर था। बताया गया कि उसकी पत्नी अभिलाषा मायके नौली ककोर गई थी और वापस नहीं आ रही थी। इसको लेकर दोनों के बीच विवाद भी चल रहा था। बुधवार शाम करीब सात बजे ओमप्रकाश अपने कमरे में उल्टियां कर रहा था। मां माया देवी ने उसे देखा तो परिजनों को जानकारी दी। परिजन उसे तत्काल बिधूना सीएचसी लेकर पहुंचे। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल चिचोली रेफर कर दिया।

जिला अस्पताल में हालत गंभीर होने पर गुरुवार सुबह ओमप्रकाश को सैफई रेफर किया गया। परिजन उसे सैफई ले जा रहे थे, तभी अजीतमल के पास उसकी हालत अचानक बिगड़ गई। परिजन उसे अजीतमल सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार जहरीले पदार्थ के सेवन से उसकी मौत हुई है।

ओमप्रकाश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और उसके तीन बच्चे हैं। घटना की सूचना बिधूना कोतवाली पुलिस को दे दी गई है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल चिचोली भेजेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights