नीरज प्रजापति
पेंट फैक्ट्री में अचानक हुआ जोरदार विस्फोट, एक मजदूर की हालत गंभीर, मशीनों की सुरक्षा और रखरखाव को लेकर उठे सवाल।
शामली। आदर्श मंडी थाना क्षेत्र में मुजफ्फरनगर रोड स्थित पेंट बनाने की फैक्ट्री में गुरुवार सुबह अचानक हुए जोरदार धमाके ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। फैक्ट्री में काम कर रहे दो मजदूर इसकी चपेट में आकर घायल हो गए। हादसे में एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसे उपचार के लिए मेरठ रेफर किया गया है। घटना के बाद फैक्ट्री परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
बताया गया कि सुबह करीब 10 बजे फैक्ट्री में पेंट निर्माण का काम चल रहा था। इसी दौरान मशीन के एक हिस्से में अचानक तेज धमाका हुआ। धमाका इतना जोरदार था कि कुछ देर के लिए वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। हादसे में छुटमलपुर निवासी समद और शामली निवासी मिथिलेश घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल समद को बेहतर उपचार के लिए मेरठ भेजे जाने की जानकारी सामने आई है।
धमाके के बाद फैक्ट्री में मची अफरा-तफरी
अचानक हुए विस्फोट के बाद फैक्ट्री में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई। आसपास के लोगों को भी घटना की जानकारी हुई तो मौके पर भीड़ जुटने लगी। हादसे के बाद फैक्ट्री का गेट बंद कर दिया गया।
घटना ने औद्योगिक इकाइयों में काम करने वाले मजदूरों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर यह चर्चा सामने आई कि मशीन के कुछ हिस्सों की समय से मरम्मत या देखरेख नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
कवरेज रोकने के प्रयास की भी चर्चा
हादसे के बाद मौके पर पहुंचे मीडिया कर्मियों को कवरेज से रोकने का प्रयास किए जाने की बात भी सामने आई है। इससे घटना को लेकर तरह-तरह के सवाल उठने लगे हैं। हालांकि, इस संबंध में भी आधिकारिक स्तर पर कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
बताया गया कि फैक्ट्री शहर के तालाब रोड निवासी पंकज जैन की है। घटना की सूचना मिलते ही आदर्श मंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई।
पुलिस ने शुरू की जांच
आदर्श मंडी थाना प्रभारी ज्ञानेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जानकारी की जा रही है। पुलिस हादसे के कारणों और उससे जुड़े अन्य तथ्यों की जांच कर रही है। जांच के आधार पर आगे नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर फैक्ट्री में मशीन के किस हिस्से में विस्फोट हुआ और सुरक्षा मानकों का कितना पालन किया जा रहा था। पुलिस जांच के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह और जिम्मेदारी की स्थिति साफ हो सकेगी।
