फुगाना हिंसा के तीन पुराने मुकदमों में एक साथ फैसला, पंचायत से लौट रहे लोगों पर हमले के बाद भड़की थी आगजनी और हिंसा।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। वर्ष 2013 के मुजफ्फरनगर दंगे से जुड़े फुगाना गांव में डकैती, लूटपाट और आगजनी के करीब 13 साल पुराने मुकदमे में अदालत ने 15 आरोपियों को दोषमुक्त करार दिया है। तीन अलग-अलग पत्रावलियों में चल रहे इन मुकदमों की सुनवाई एक साथ करते हुए फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-प्रथम की पीठासीन अधिकारी ज्योत्सना सिवाच ने सोमवार को फैसला सुनाया। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष के सभी गवाह पक्षद्रोही हो गए और आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त साक्ष्य प्रस्तुत नहीं हो सके। इसी आधार पर अदालत ने सभी 15 आरोपियों को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया। इस मामले में एक आरोपी की मुकदमे के विचारण के दौरान ही मृत्यु हो चुकी थी। मुजफ्फरनगर दंगे की पृष्ठभूमि में सात सितंबर 2013 को नंगला मंदौड़ में आयोजित पंचायत से लौट रहे लोगों पर हमले के बाद जिले में हिंसा भड़क उठी थी। इस घटना के बाद कई गांवों में तनाव, मारपीट, आगजनी और लूटपाट की घटनाएं सामने आई थीं। फुगाना गांव भी दंगे की चपेट में आया था। इसी दौरान गांव में कथित तौर पर घरों में घुसकर लूटपाट और आगजनी किए जाने के आरोप लगे थे। अभियोजन के अनुसार, फुगाना निवासी मजदूर सलीम ने कांधला स्थित शिविर में पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। वहीं उसके दो भाइयों ने लोई और कैराना के शिविरों में अलग-अलग तहरीर देकर आरोप लगाया था कि गांव के ही कुछ लोगों ने उनके घरों में घुसकर लूटपाट की और आग लगा दी। शिकायतकर्ताओं ने परिवार के सदस्यों के साथ मारपीट और हमले किए जाने के आरोप भी लगाए थे। इन शिकायतों के आधार पर पुलिस ने 21 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। बाद में मामले की जांच विशेष जांच दल (एसआईटी) को सौंप दी गई। एसआईटी की विवेचना के बाद 16 आरोपियों के खिलाफ तीन अलग-अलग आरोपपत्र अदालत में दाखिल किए गए। इसी आधार पर तीन अलग-अलग पत्रावलियों में मुकदमे की सुनवाई शुरू हुई। मुकदमे की सुनवाई के दौरान अभियोजन पक्ष ने आरोपों को साबित करने के लिए गवाह पेश किए, लेकिन अदालत में सभी गवाह अपने पूर्व कथनों से मुकर गए। गवाहों के पक्षद्रोही हो जाने के कारण अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ ठोस साक्ष्य प्रस्तुत नहीं कर सका। तीनों मुकदमों की पत्रावलियों पर एक साथ सुनवाई पूरी होने के बाद सोमवार को अदालत ने अपना फैसला सुनाया। फास्ट ट्रैक कोर्ट संख्या-प्रथम की पीठासीन अधिकारी ज्योत्सना सिवाच ने उपलब्ध साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर 15 आरोपियों को दोषमुक्त करार दिया। सुनवाई के दौरान आरोपी राजकुमार की मृत्यु हो चुकी थी। बचाव पक्ष के अधिवक्ता सोराज मलिक और राहुल चौधरी ने बताया कि अभियोजन पक्ष आरोपियों के खिलाफ आरोप साबित करने में असफल रहा। पर्याप्त साक्ष्य नहीं मिलने के कारण अदालत ने आरोपियों को बरी कर दिया। अदालत से दोषमुक्त होने वालों में फुगाना गांव निवासी गौरव वर्मा, सुमित, अजीत, गौरव, रतन सिंह, नरेन, योगेश, पुष्पेंद्र, मोंटी, विकास, योगेश पुत्र भूषण, विनोद, पंकज शर्मा, जितेंद्र और रॉकी शामिल हैं। मुजफ्फरनगर दंगे के दौरान दर्ज हुए मुकदमों में कई राजनीतिक और जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामले भी चर्चा में रहे। नंगला मंदौड़ पंचायत के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने और निषेधाज्ञा के उल्लंघन से जुड़े मामले में कौशल विकास राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, सपा सांसद हरेंद्र मलिक, पूर्व केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. संजीव बालियान और पूर्व मंत्री सुरेश राणा समेत 25 आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमा शासन के आदेश पर वापस लिया जा चुका है। नंगला मंदौड़ इंटर कॉलेज के मैदान में 31 जुलाई 2013 को आयोजित पंचायत के मामले में तत्कालीन सिखेड़ा थानाध्यक्ष चरण सिंह यादव ने सरकारी कार्य में बाधा डालने, रास्ता रोकने और सात क्रिमिनल लॉ अमेंडमेंट एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई थी। बाद में शासन स्तर से अभियोजन वापस लेने का निर्णय लिया गया। मुजफ्फरनगर में वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक तनाव की शुरुआत कवाल गांव की घटना से मानी जाती है। 26 अगस्त 2013 को कवाल में बाइक और साइकिल की टक्कर के बाद मलिकपुरा निवासी गौरव और कवाल निवासी शाहनवाज के बीच कहासुनी हुई थी। अगले दिन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस दौरान गौरव और उसके ममेरे भाई सचिन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी, जबकि घायल शाहनवाज की भी अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी। 28 अगस्त को गौरव और सचिन के अंतिम संस्कार से लौट रही भीड़ ने कवाल में पथराव और आगजनी की थी। इसके बाद क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव बढ़ता चला गया। 30 अगस्त को खालापार में जुमे की नमाज के बाद एक समुदाय के लोगों ने तत्कालीन जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन दिया था। इसके अगले दिन गौरव और सचिन की हत्या के मामले में कार्रवाई की मांग को लेकर नंगला मंदौड़ में पंचायत आयोजित की गई। इसके बाद सात सितंबर को एक बार फिर नंगला मंदौड़ में पंचायत हुई। पंचायत से लौट रहे लोगों पर हमले की घटना के बाद जिले के कई हिस्सों में हिंसा फैल गई। देखते ही देखते मुजफ्फरनगर और आसपास के इलाकों में दंगे की स्थिति बन गई थी। कवाल हत्याकांड में सात आरोपियों को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। कवाल प्रकरण के बाद 29 अगस्त 2013 को कवाल गांव में दोनों समुदायों के लोग आमने-सामने आ गए थे। हिंसा और आगजनी की घटना के बाद पुलिस ने तत्कालीन पूर्व प्रधान के पति विक्रम सैनी समेत 28 लोगों के खिलाफ सिखेड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की सुनवाई अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश की विशेष एमपी-एमएलए अदालत में हुई थी। अदालत ने तत्कालीन खतौली विधायक विक्रम सैनी समेत 12 आरोपियों को दोषी ठहराते हुए दो वर्ष के कारावास और पांच हजार रुपये जुर्माने की सजा सुनाई थी। धारा 148 के तहत भी दो वर्ष की सजा और पांच हजार रुपये जुर्माना लगाया गया था। दो वर्ष की सजा होने के कारण विक्रम सैनी की विधानसभा सदस्यता समाप्त हो गई थी। इस फैसले ने भी दंगे से जुड़े मुकदमों को प्रदेश की राजनीति में चर्चा का विषय बना दिया था। मुजफ्फरनगर दंगे के बाद पुलिस और प्रशासन के सामने हिंसा से जुड़े मामलों की जांच और पीड़ितों को न्याय दिलाने की बड़ी चुनौती थी। सरकारी आंकड़ों के अनुसार दंगे के दौरान कुल 510 प्राथमिकी दर्ज की गई थीं। इनमें से 175 मामलों में आरोपपत्र दाखिल किए गए, जबकि 165 मामलों में अंतिम रिपोर्ट लगाई गई। दंगे में 65 लोगों की जान गई थी और करीब 50 हजार लोगों को अपने घर छोड़कर राहत शिविरों में शरण लेनी पड़ी थी। दंगे से जुड़े 126 मामलों में अदालतों से फैसला आ चुका है। ऐसे में फुगाना गांव के डकैती और आगजनी के 13 साल पुराने मामले में आया यह फैसला एक बार फिर वर्ष 2013 की हिंसा और उससे जुड़े लंबे न्यायिक घटनाक्रम को चर्चा में ले आया है। करीब डेढ़ दशक के करीब पहुंच चुके इन मुकदमों में गवाहों के बयान और अभियोजन पक्ष के साक्ष्य ही फैसले का आधार बने।
