लखनऊ, 21 अगस्त । अपना दल कमेरावादी के तत्वावधान में आगामी 23 अगस्त रविवार को रायबरेली में विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। पार्टी की ओर से यह कार्यक्रम 23 अगस्त 1999 को अपना दल के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल पर हुए प्राणघातक हमले की बरसी के अवसर पर “दूसरी आजादी की प्रथम क्रांति दिवस” के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
यह जानकारी शुक्रवार को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.एल. पटेल ने दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की मुख्य अतिथि अपना दल कमेरावादी की राष्ट्रीय अध्यक्ष कृष्णा पटेल होंगी, जबकि सिराथू विधायक डॉ. पल्लवी पटेल मुख्य वक्ता के रूप में मौजूद रहेंगी। जनसभा में पार्टी के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय स्तर के नेता भी शामिल होंगे।
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सी.एल. पटेल ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के जनसभा में पहुंचने की उम्मीद है।
उल्लेखनीय है कि 23 अगस्त 1999 में प्रयागराज के पीडी टंडन पार्क में सोनेलाल की सभा में हुई लाठीचार्ज को अपना दल कमेरावादी क्रांतिदिवस के रूप में मनाता है। अपना दल के इतिहास में 23 अगस्त बहुत ही महत्वपूर्ण है। सी.एल. पटेल ने बताया कि इस दिवस को प्रत्येक वर्ष हम क्रांति दिवस के रूप में एक बड़ा आयोजन करते हैं। इस बार यह कार्यक्रम रायबरेली जनपद में आयोजित किया जा रहा है।
