धर्मनगरी वाराणसी का प्रतिष्ठित उदय प्रताप (UP) कॉलेज शुक्रवार को गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा। बीएससी के छात्र सूर्य प्रताप सिंह उर्फ सूर्या की सरेआम हत्या ने पूरे शहर में सनसनी फैला दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी मंजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने पूछताछ में हत्या की जो वजह बताई है, वह चौंकाने वाली है।

महज बांह मोड़ने और घूरने पर ले ली जान
पूछताछ में आरोपी मंजीत ने कुबूला कि सूर्य प्रताप और उसके बीच लंबे समय से वर्चस्व की लड़ाई चल रही थी। शुक्रवार सुबह दोनों गुटों में मारपीट हुई थी, जिसमें सूर्य प्रताप ने कड़े से मंजीत का सिर फोड़ दिया था। अपमान का बदला लेने के लिए मंजीत ने पहले शराब पी, फिर घर से अवैध पिस्टल निकाली और अकेले ही कॉलेज पहुंच गया। कमरा नंबर 8 के पास सूर्य प्रताप को देख मंजीत भड़क गया। शर्ट की बांह मोड़ने और घूरने को लेकर हुई कहासुनी के बाद मंजीत ने असलहा निकाल लिया और दौड़ते हुए सूर्य प्रताप को संकाय के गेट पर गोलियों से भून दिया।

भदोही से आई थी अवैध पिस्टल
जांच में पता चला है कि हत्या में इस्तेमाल पिस्टल मंजीत ने दो साल पहले भदोही से खरीदी थी। वह अक्सर इस पिस्टल से लोगों को डराता-धमकाता था। पुलिस अब उस सप्लायर की तलाश कर रही है जिसने मंजीत को यह अवैध हथियार बेचा था। मामले में दूसरे आरोपी अनुज सिंह की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है।

बवाल और भारी पुलिस बल
छात्र की मौत के बाद UP कॉलेज कैंपस में जबरदस्त आक्रोश देखा गया। छात्रों ने उग्र प्रदर्शन और तोड़फोड़ की। परिजन शव को लेकर गिलट बाजार चौराहे पर चक्का जाम करने की कोशिश कर रहे थे, जिन्हें पुलिस ने समझा-बुझाकर रोका। भारी सुरक्षा के बीच हरिश्चंद्र घाट पर मृतक का अंतिम संस्कार कराया गया। गाजीपुर का रहने वाला सूर्य प्रताप बीएससी चतुर्थ सेमेस्टर का होनहार छात्र था।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights