uk-vijay-merchant-trophy

देहरादून, 14 नवंबर । भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने वर्ष 2026-27 की विजय मर्चेंट ट्रॉफी (प्लेट ग्रुप) की मेजबानी उत्तराखंड को सौंपी है। क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) की मेजबानी में आयोजित होने वाली यह राष्ट्रीय अंडर-16 बालक क्रिकेट प्रतियोगिता 14 नवंबर से 15 दिसंबर तक देहरादून में खेली जाएगी। इसमें पूर्वोत्तर भारत के छह राज्यों की टीमें हिस्सा लेंगी।

प्रतियोगिता में मणिपुर, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मेघालय, सिक्किम और मिजोरम की टीमें भाग लेंगी। बीसीसीआई के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लीग मुकाबले पांच चरणों में खेले जाएंगे। शुरुआती मैच 14 से 16 नवंबर तक होंगे। इसके बाद 19 से 21 नवंबर, 25 से 27 नवंबर, 30 नवंबर से दो दिसंबर और छह से आठ दिसंबर तक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। प्लेट ग्रुप का फाइनल 12 से 15 दिसंबर तक खेला जाएगा।

देहरादून के तीन क्रिकेट मैदानों को प्रतियोगिता के आयोजन के लिए चुना गया है। इनमें अभिमन्यु क्रिकेट अकादमी, आयुष क्रिकेट अकादमी और राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम शामिल हैं। इन मैदानों पर अलग-अलग मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

प्रतियोगिता में छह राज्यों के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और टीम प्रबंधन के पहुंचने से देहरादून में क्रिकेट गतिविधियां बढ़ेंगी। साथ ही स्थानीय क्रिकेट प्रेमियों को राष्ट्रीय स्तर के युवा खिलाड़ियों का खेल देखने का अवसर मिलेगा।

विजय मर्चेंट ट्रॉफी बीसीसीआई की प्रमुख घरेलू आयु वर्ग क्रिकेट प्रतियोगिताओं में शामिल है। अंडर-16 स्तर पर आयोजित इस टूर्नामेंट के माध्यम से युवा खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धात्मक क्रिकेट का अनुभव मिलता है। खिलाड़ियों के लिए यह अपनी बल्लेबाजी, गेंदबाजी और क्षेत्ररक्षण क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर भी है।

क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड की सचिव किरण वर्मा ने कहा कि बीसीसीआई की ओर से प्रतियोगिता की मेजबानी उत्तराखंड को सौंपना प्रदेश के क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। एसोसिएशन सभी छह राज्यों से आने वाले खिलाड़ियों और अधिकारियों को बेहतर खेल सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने का प्रयास करेगी।

उन्होंने कहा कि इस तरह की राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं से प्रदेश में क्रिकेट के आधारभूत ढांचे को पहचान मिलने के साथ स्थानीय खिलाड़ियों को भी उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने और उससे सीखने का अवसर मिलता है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights