नई मंडी थाना प्रभारी की रणनीति ने खोली आरोपियों की घेराबंदी, बागोवाली से मदीना कॉलोनी तक एक साथ ताबड़तोड़ दबिश, अब अवैध संपत्तियों पर चलेगा कुर्की का बुलडोजर।
मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। गौकशी के खिलाफ मुजफ्फरनगर पुलिस ने अब तक की बड़ी कार्रवाइयों में शुमार एक अभियान को अंजाम देते हुए अपराधियों के नेटवर्क पर जोरदार चोट की है। नई मंडी थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट में वांछित 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ चल रहे शिकंजे को और मजबूत कर दिया। इस बड़ी कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वाले और संगठित अपराध में कथित रूप से शामिल लोगों के लिए अब बच निकलना आसान नहीं होगा। खास बात यह रही कि थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सुनियोजित रणनीति के तहत पुलिस टीम को सक्रिय किया। पुलिस ने ग्राम बागोवाली, रथेड़ी और थाना सिविल लाइन क्षेत्र की मदीना कॉलोनी में एक साथ दबिश देकर 13 वांछित आरोपियों को दबोच लिया। एक साथ तीन अलग-अलग स्थानों पर की गई कार्रवाई पुलिस की सक्रियता और बेहतर तालमेल का उदाहरण बनी। पुलिस के अनुसार, वर्ष 2024 से लगातार गौकशी की घटनाओं में संलिप्तता के आरोपों के आधार पर संबंधित लोगों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा अपराध संख्या 530/2026 दर्ज किया गया था। इसके बाद से ही वांछित आरोपियों की तलाश की जा रही थी। 14 नवंबर को पुलिस ने अभियान को निर्णायक अंजाम देते हुए सलमान, पाल्लू उर्फ वामीश, कल्लू उर्फ इरशाद, वसीम, दानिश, सीमा, बेबी उर्फ शबाना, शाहिद, आलम, एना उर्फ सोनू उर्फ कलीम, नदीम, मुन्ना और गुलबहार को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड ने भी पुलिस कार्रवाई की गंभीरता को उजागर किया है। पुलिस के मुताबिक, कई आरोपियों के खिलाफ पहले से गौवध अधिनियम के मुकदमे दर्ज हैं। कुछ के विरुद्ध चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट समेत अन्य धाराओं में भी मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है। सलमान के खिलाफ वर्ष 2015 से 2026 तक कई मुकदमे दर्ज बताए गए हैं, जबकि अन्य आरोपियों का नाम भी पूर्व के गौकशी संबंधी मामलों में सामने आया है। थाना प्रभारी आनंद देव मिश्रा के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई का सबसे अहम पहलू यह है कि पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ उनकी कथित अवैध संपत्तियों पर भी कार्रवाई की तैयारी कर ली है। पुलिस के अनुसार, अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर नियमानुसार कुर्की की कार्रवाई की जाएगी। इससे अपराध के आर्थिक आधार पर भी चोट पहुंचाने की तैयारी है।
