सुनील कुमार सिंह ने संभाली जिले की प्रशासनिक बागडोर, विकास, जनसमस्याओं और सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन पर टिकीं जनता की निगाहें।

मुजफ्फरनगर (नीरज प्रजापति)। जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव हो गया है। शासन के प्रशासनिक फेरबदल के बाद नवागत जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने शनिवार देर शाम मुजफ्फरनगर पहुंचकर कार्यभार ग्रहण कर लिया। उनके पदभार संभालते ही जिले में प्रशासनिक नेतृत्व की नई पारी शुरू हो गई है। अब जनता की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि नए जिलाधिकारी के नेतृत्व में जिले की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को कितनी गति मिलती है। नवागत जिलाधिकारी सुनील कुमार सिंह ने कलेक्ट्रेट स्थित जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर कार्यभार ग्रहण करने की आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। इससे पहले वह ग्रेटर नोएडा में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी (एसीईओ) के पद पर तैनात थे। शासन ने प्रशासनिक फेरबदल के तहत उन्हें मुजफ्फरनगर की जिम्मेदारी सौंपी है। वहीं, अब तक जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल रहे उमेश मिश्रा को उत्तर प्रदेश शासन में विशेष सचिव बनाया गया है। नए जिलाधिकारी के सामने जिले में विकास योजनाओं को गति देने, सरकारी विभागों की कार्यप्रणाली को प्रभावी बनाने, जनशिकायतों का समयबद्ध निस्तारण कराने और आमजन को प्रशासनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने जैसी अहम चुनौतियां रहेंगी। विशेषकर ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याएं, शहर की व्यवस्थाएं, राजस्व संबंधी मामले और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का धरातल पर क्रियान्वयन नए प्रशासनिक नेतृत्व की प्राथमिकताओं में महत्वपूर्ण रहेगा। सुनील कुमार सिंह के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही जिले में नई प्रशासनिक पारी का आगाज हो गया है। अब देखना होगा कि नए डीएम अपनी कार्यशैली और निर्णयों से मुजफ्फरनगर की प्रशासनिक व्यवस्था को किस नई दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights