uk-vigilance-trap-bribe-

देहरादून, 29 जुलाई । उत्तराखंड सतर्कता अधिष्ठान की ट्रैप टीम ने ऊधमसिंह नगर जिले की सितारगंज तहसील में कार्रवाई करते हुए संग्रह अमीन और वरिष्ठ सहायक को कथित रूप से रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि भूमि की कुर्की समाप्त करने, जमीन को बंधनमुक्त कराने और उसकी पत्नी के केसीसी ऋण से संबंधित आरसी की कार्रवाई समाप्त करने के एवज में संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा ने 10,000 और वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा ने 6,000 की रिश्वत मांगी थी।

शिकायत के प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर पुलिस अधीक्षक, सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर हल्द्वानी के निर्देशन में ट्रैप टीम का गठन किया गया। टीम ने बुधवार को तहसील सितारगंज कार्यालय में संग्रह अमीन मदन लाल शर्मा को शिकायतकर्ता से 8,000 वरिष्ठ सहायक भूपेंद्र सिंह राणा को 6,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता अधिष्ठान ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई की जा रही है।

इस बीच, सतर्कता निदेशक डॉ. वी. मुरूगेशन ने नागरिकों से भ्रष्टाचार की शिकायतें टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन 9456592300 पर दर्ज कराने की अपील की है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights