uk-utu-professor-arrested

देहरादून, 23 जुलाई । उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (यूटीयू) की सम-सेमेस्टर परीक्षा के प्रश्नपत्र लीक मामले में दून पुलिस ने शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग के एक सहायक प्रोफेसर को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने परीक्षा से पहले व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से प्रश्नपत्र से जुड़े महत्वपूर्ण प्रश्न छात्रों के साथ साझा किए थे।

पुलिस के अनुसार, वीर माधव सिंह भंडारी उत्तराखंड प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक डॉ. विनय कुमार पटेल ने कोतवाली प्रेमनगर में तहरीर दी थी। तहरीर में बताया गया कि 8 जुलाई को आयोजित सम-सेमेस्टर परीक्षा के संबंध में विश्वविद्यालय को एक ई-मेल प्राप्त हुआ था,जिसमें आरोप लगाया गया था कि 3 जुलाई को शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग देहरादून में तैनात सहायक प्रोफेसर की ओर से व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से कुछ महत्वपूर्ण प्रश्न साझा किए गए।

परीक्षा के बाद जब इन प्रश्नों का प्रश्न पत्र से मिलान किया गया तो उनमें काफी समानता पाई गई। विश्वविद्यालय की आंतरिक जांच समिति की रिपोर्ट में भी सहायक प्रोफेसर द्वारा छात्रों के आंतरिक पोर्टल और व्हाट्सएप के माध्यम से परीक्षा से संबंधित प्रश्न साझा किए जाने की पुष्टि हुई।

पुलिस ने बताया कि शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग झाझरा में तैनात सहायक प्रोफेसर आशीष कुमार गुप्ता ने छात्रों को अनुचित लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से परीक्षा प्रणाली की गोपनीयता भंग की।

तहरीर के आधार पर कोतवाली प्रेमनगर में मुकदमा संख्या 144/26 के तहत धारा 316, 318(4) और 61(2) बीएनएस में मामला दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने त्वरित जांच और कार्रवाई के निर्देश दिए थे। पुलिस ने गवाहों के बयान, दस्तावेजी साक्ष्य और अन्य उपलब्ध तथ्यों के आधार पर नामजद आरोपी आशीष कुमार गुप्ता को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार, आरोपित से बरामद इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की जांच की जा रही है। साथ ही मामले में अन्य संभावित आरोपितों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights