हरिद्वार, 05 अक्टूबर । श्री रामलीला समिति लकड़हारान ज्वालापुर के 120वें वार्षिक रामलीला उत्सव का सोमवार को शुभारंभ हुआ। मुख्य अतिथि विधायक आदेश चौहान ने रामलीला मंच का पूजन किया। इसके बाद श्रवण कुमार और कैलाश लीला का मंचन किया गया। रामलीला देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और श्रद्धालु पहुंचे।
इस अवसर पर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि रामलीला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं है, बल्कि सनातन संस्कृति,संस्कारों और धार्मिक परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने 120 वर्षों से लगातार रामलीला के आयोजन को गौरव की बात बताते हुए समिति के पदाधिकारियों और कलाकारों को शुभकामनाएं दीं।
समिति के अध्यक्ष नितिन अधिकारी ने कहा कि 120वें वार्षिक उत्सव को भव्य और व्यवस्थित रूप से आयोजित करने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों और सांस्कृतिक परंपराओं को समाज तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।
समिति के मंत्री प्रदीप पत्थर वाले ने कहा कि 120 वर्षों से चली आ रही यह परंपरा समिति के पदाधिकारियों, कलाकारों और क्षेत्रवासियों की आस्था एवं सहयोग का परिणाम है।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक श्री राम सरदार, नरेंद्र अधिकारी, मधुसूदन हेम्मनके, शोभित खेड़ेवाले, उदित वशिष्ठ, आशुतोष चक्रपाणि, प्रवीण खेड़ेवाले, दीपांकर चक्रपाणि, शिवांकर चक्रपाणि, तन्मय सरदार, सत्यम अधिकारी, नितीश सिखौला, उदित सिखौला, अरुण भक्त, शिवनारायण जोशी, आलोक चौहान, शिवम अधिकारी, हर्षित अधिकारी, गोविंद मल्ल, आशीष शर्मा, मोहित गोस्वामी और आकाश सिखौला सहित पदाधिकारी, सदस्य, कलाकार एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
