uk-pauri-program-students

पौड़ी गढ़वाल, 05 अक्टूबर । डॉ. बीजीआर परिसर पौड़ी में मानसिक स्वास्थ्य समिति एवं समाजशास्त्र विभाग की ओर से स्वास्थ्य विभाग के सहयोग से मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता एवं आत्महत्या रोकथाम कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन और तनाव प्रबंधन के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कैंपस निदेशक एवं मानसिक स्वास्थ्य प्रकोष्ठ के अध्यक्ष प्रो. यूसी गैरोला ने किया। उन्होंने कहा कि सफलता के लिए मानसिक स्वास्थ्य उतना ही जरूरी है जितना शारीरिक स्वास्थ्य। विद्यार्थियों को तनाव की स्थिति में सकारात्मक सोच रखने और जरूरत पड़ने पर उचित सहयोग व मार्गदर्शन लेने की सलाह दी।

डॉ. किरण बाला ने मानसिक स्वास्थ्य से जुड़ी समस्याओं को लेकर समाज में मौजूद झिझक और कलंक को दूर करने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपनी समस्याओं पर खुलकर संवाद करने और जरूरतमंद साथियों के प्रति संवेदनशील रहने की अपील की।

सीएमओ कार्यालय से डॉ. आशीष गुसाईं ने केस स्टडी के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के संभावित चेतावनी संकेतों की जानकारी दी। उन्होंने समय रहते समस्या की पहचान, विशेषज्ञ से परामर्श और भावनात्मक रूप से परेशान व्यक्ति को सहयोग देने के महत्व को समझाया।

कार्यक्रम में प्रो. अनिता रुदोला, प्रो. एससी गैरोला, प्रो. अनूप पांडेय, डॉ. धर्मेंद्र कुमार, डॉ. मनोज कुमार समेत शिक्षक, शोधार्थी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वय डॉ. ल्हामू त्शेरिंग दुक्पा, डॉ. सरिता गोंड और डॉ. अतुल सैनी ने किया।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights