uk-poltical-bjp-dinesh-agarwal-

देहरादून, 2 अप्रैल । राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री व भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता दिनेश अग्रवाल ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में भाजपा की हैट्रिक होने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में “डबल इंजन सरकार” के चलते विकास कार्य धरातल पर दिख रहे हैं, जबकि कांग्रेस जनता से पूरी तरह कट चुकी है।

दिनेश अग्रवाल ने गुरुवार को पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि भाजपा और कांग्रेस की कार्यशैली और विचारधारा में स्पष्ट अंतर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और राज्य में धामी सरकार विकास की गति को तेज कर रही है, जिससे प्रदेश में तेजी से प्रगति हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आंतरिक गुटबाजी से जूझ रही है। ‘पंचमुखी और एकमुखी’ नेतृत्व पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता एक-दूसरे के खिलाफ बयानबाजी में व्यस्त हैं, जिससे संगठन कमजोर हो रहा है। उनके अनुसार, यही स्थिति 2017 और 2022 विधानसभा चुनावों के परिणामों की पुनरावृत्ति का संकेत देती है।

अग्रवाल ने कहा कि भाजपा संगठन लगातार जनसहभागिता के कार्यक्रमों के माध्यम से जनता के बीच सक्रिय है और कार्यकर्ता समाज के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं। इसके विपरीत, कांग्रेस सीमित कार्यक्रमों और बयानबाजी तक सिमट कर रह गई है।

उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार गांव से लेकर शहर तक विकास के नए आयाम स्थापित कर रही है, जबकि कांग्रेस नकारात्मक राजनीति में उलझी हुई है। उनके अनुसार, जनता पूर्व चुनावों की तरह ही विकास के आधार पर निर्णय लेगी।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights