uk-pc-ramkumar-walia

हरिद्वार, 10 अप्रैल । इंडियन किसान यूनियन के अध्यक्ष एवं पूर्व दर्जा राज्यमंत्री रामकुमार वालिया ने भाजपा छोड़ने की घोषणा करते हुए कहा कि उत्तराखंड में किसानों और सर्वसमाज की अनदेखी की जा रही है।

प्रेस क्लब में पत्रकारों से वार्ता करते हुए उन्होंने कहा सरकार की अनदेखी से किसानों की हालत खराब है। बेमौसम बरसात और ओलावृष्टि से फसलों को भारी नुकसान हुआ है। लेकिन सरकार मुआवजे के नाम पर चुप्पी साधे हुए है। ना तो सरकार किसानों को मुआवजा दे रही है और ना ही बीमा कंपनियां नुकसान की भरपाई कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनियों एवं अन्य बीमा कंपनियों को किसानों को फसल खराब होने का मुआवजा देना चाहिए। पर्वतीय क्षेत्र के किसानों की फसलें जंगली जानवर बर्बाद कर रहे हैं लेकिन सरकार इस संबंध में कोई ठोस नीति नहीं बना पा रही है। सरकार को अन्य राज्यों की तर्ज पर गेंहू का समर्थन मूल्य बढ़ाना चाहिए और किसानों के हित के लिए कदम उठाने चाहिए।

उन्होंने कहा कि उन्होंने किसानों की समस्याओं और सर्वसमाज की समस्याओं के समाधान के लिए प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को कई पत्र लिखे। लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। इससे आहत होकर उन्होंने भाजपा छोड़ने का निर्णय लिया है। रामकुमार वालिया ने सरकार में दायित्वधारियों की नियुक्त किए जाने पर भी सवाल उठाए और कहा कि दायित्व दिए जाने में सर्वसमाज की अनदेखी की गयी। इस दौरान जिला अध्यक्ष डीपी सिंह, कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष मनोज चौहान, गौरव वर्मा भी मौजूद रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights