हरिद्वार, 18 सितंबर । कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक, अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. वी. मुरुगेशन हरिद्वार पहुंचे। उन्होंने सीसीआर सभागार में पुलिस विभाग की प्रारंभिक तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक ली।
बैठक में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंभ मेला द्वारा अब तक की तैयारियों और आगामी कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण दिया गया। एडीजी ने सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, भीड़ नियंत्रण, आपदा एवं आपातकालीन प्रबंधन, संचार व्यवस्था, डिजिटल तकनीक के इस्तेमाल और चरणवार पुलिस बल की तैनाती को लेकर अधिकारियों से विस्तार से चर्चा की। उन्होंने सभी योजनाओं को अंतिम रूप देकर निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
एडीजी डॉ. मुरुगेशन ने कहा कि कुंभ मेला धार्मिक और आध्यात्मिक दृष्टि से विश्व का सबसे बड़ा आयोजन है। इसे निर्विघ्न और सकुशल संपन्न कराना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने के साथ त्रुटिरहित सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला क्षेत्र में बनाए जा रहे जोन और सेक्टर की व्यवस्थाओं को समय रहते फाइनल किया जाए। यातायात और भीड़ नियंत्रण के लिए स्पष्ट व प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए।
उन्होंने कहा कि अकेले एक विभाग के प्रयास पर्याप्त नहीं होंगे, सभी संबंधित विभागों और सीमावर्ती जनपदों के साथ बेहतर समन्वय कर ठोस प्लान तैयार किया जाए।
समीक्षा बैठक के बाद एडीजी ने कुंभ मेला क्षेत्र का स्थलीय भ्रमण कर व्यवस्थाओं की हकीकत जानी और एटीसी पहुंचकर कुंभ ड्यूटी के लिए प्रशिक्षण ले रहे जवानों से रूबरू हुए।
बैठक में आईजी अपराध एवं कानून व्यवस्था डॉ. नीलेश आनंद भरणे, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, आईजी कुंभ मेला डॉ. योगेंद्र सिंह रावत, एसएसपी कुंभ मेला आयुष अग्रवाल, एसपी अभिसूचना मणिकांत मिश्रा, एसपी एटीएस सरिता डोभाल, एसपी यातायात निशा यादव और एसपी जीआरपी अरुणा भारती मौजूद रहीं।
