देहरादून, 18 जुलाई । प्रदेश के सभी जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थानों (डायट) में शिक्षक प्रशिक्षण को अधिक प्रभावी और आधुनिक बनाने के लिए नवाचार पर विशेष फोकस किया जाएगा। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने अधिकारियों को नवाचार आधारित प्रशिक्षण कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने और प्रत्येक डायट में शिक्षकों के लिए मानसिक स्वास्थ्य प्रशिक्षण अनिवार्य रूप से संचालित करने के निर्देश दिए।
शनिवार को देहरादून में विद्यालयी शिक्षा महानिदेशालय स्थित समग्र शिक्षा सभागार में राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) एवं डायट की समीक्षा बैठक में शिक्षा मंत्री ने कहा कि पारंपरिक प्रशिक्षण पद्धतियों के स्थान पर आधुनिक तकनीक और नवाचार को बढ़ावा दिया जाए, ताकि शिक्षक-शिक्षिकाएं विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकें।
उन्होंने निर्देश दिए कि प्रशिक्षण कार्यशालाओं में नशामुक्ति, पर्यावरण संरक्षण, सोशल इमोशनल लर्निंग तथा नैतिक शिक्षा जैसे विषयों पर विशेष सत्र आयोजित किए जाएं। साथ ही शिक्षकों को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे वे विद्यार्थियों में तनाव के संकेतों की पहचान कर समय पर उचित सहयोग प्रदान कर सकें।
मंत्री ने प्रशिक्षण कार्यक्रमों में पद्मश्री सम्मानित व्यक्तियों, साहित्यकारों, लेखकों, अभिभावकों और ग्राम प्रधानों को भी आमंत्रित करने के निर्देश दिए, ताकि शिक्षकों को विविध अनुभवों का लाभ मिल सके।
बैठक में उन्होंने डायट को विभिन्न प्रशिक्षण क्षेत्रों में शैक्षणिक उत्कृष्टता केंद्र के रूप में विकसित करने के कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने बताया कि अलग-अलग डायट को सामाजिक अध्ययन, राजनीति विज्ञान, अंग्रेजी, मनोविज्ञान, पर्यावरण अध्ययन, भौतिकी, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान तथा शैक्षिक तकनीकी सहित विभिन्न विषयों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शिक्षा मंत्री ने वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2025-26 में स्वीकृत मॉडल डायट के निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर अगले तीन माह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने विभागीय बजट का समयबद्ध और पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर देते हुए कहा कि विकास कार्यों में किसी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में विद्यालयी शिक्षा महानिदेशक आकांक्षा कोण्डे, एससीईआरटी की निदेशक वंदना गब्र्याल, माध्यमिक शिक्षा निदेशक विनोद कुमार सिमल्टी, प्राथमिक शिक्षा निदेशक के.एस. रावत, अपर निदेशक बेसिक शिक्षा पदमेन्द्र सकलानी, उप निदेशक जे.पी. काला सहित सभी डायट के प्राचार्य एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
————
