uk-cm-dhami-stem-initiative

चंपावत, 31 मार्च ।चम्पावत के गोरलचौड़ सभागार में आयोजित ‘सी बार स्टेम’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। इस दौरान उन्होंने विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में बालिकाओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर बल दिया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने प्रदेश की 50 मेधावी छात्राओं को 10,000 की छात्रवृत्ति प्रदान की व श स्टेम आधारित लैपटॉप वितरित कर उन्हें सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि विज्ञान और नवाचार आज के समय की आवश्यकता हैं और राज्य सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश की बेटियां तकनीकी क्षेत्रों में अग्रणी भूमिका निभाएं। उन्होंने कहा कि विज्ञान न केवल ज्ञान का माध्यम है, बल्कि विकास और समस्या समाधान की सबसे प्रभावी विधि भी है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नवाचार, कौशल विकास और महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। चम्पावत में विकसित हो रहा साइंस सेंटर भविष्य में विद्यार्थियों के लिए विज्ञान और अनुसंधान का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा।

कार्यक्रम में महिला उद्यमियों ने फूड प्रोसेसिंग, जूट बैग निर्माण, पिरूल ब्रिकेटिंग और मधुमक्खी पालन जैसे प्रशिक्षणों से हुए आर्थिक एवं सामाजिक बदलावों के अनुभव साझा किए।मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कई प्रकाशनों का विमोचन किया तथा चम्पावत में ‘विज्ञान रेडियो’, महिला प्रौद्योगिकी केंद्र और आपदा प्रबंधन केंद्र की स्थापना जैसी महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य सीमांत क्षेत्रों में विज्ञान, तकनीक और नवाचार को मजबूत करना है, ताकि युवा पीढ़ी भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार हो सके। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष चम्पावत आनंद सिंह अधिकारी, दर्जा राज्य मंत्री श्याम नारायण पाण्डे, यूकॉस्ट के महानिदेशक प्रो. दुर्गेश पंत, विज्ञानशाला इंटरनेशनल की संस्थापक डॉ. दर्शना जोशी, भाजपा जिलाध्यक्ष गोविंद सिंह सामंत, भाजपा प्रदेश मंत्री निर्मल मेहरा, भाजपा महामंत्री मुकेश कलखुड़िया, जिलाधिकारी मनीष कुमार, पुलिस अधीक्षक रेखा यादव सहित सम्बन्धित अधिकारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

By editor

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Verified by MonsterInsights